रेवाड़ी | दक्षिण हरियाणा के रेवाड़ी जिले में सड़कों पर आमजन के सफर को सुरक्षित बनाने की तैयारियां शुरू हो गई है. इसी कड़ी में डीसी अभिषेक मीणा की अध्यक्षता में वीरवार को लघु सचिवालय के सभागार में सड़क सुरक्षा समिति की एक बैठक बुलाई गई थी, जिसमें उन्होंने सर्दी के मौसम को देखते हुए जिले की सभी सड़कों और हाइवे पर सफेद व पीली पट्टियां, साइन बोर्ड और मार्किंग आदि को दुरुस्त करने के निर्देश दिए.
सुरक्षित सफर बनाने के निर्देश
बैठक के दौरान डीसी ने NHAI, HSIIDC, नगर निगम और बी&आर सहित सभी विभागों को निर्देश दिए कि वे सड़कों पर वाहन चालकों के सफर को सुगम और सुविधाजनक बनाने के लिए काम करें. उन्होंने हांसाका रोड पर जर्सी बैरियर कटों को बंद करने के निर्देश दिए, ताकि वाहनों को एक लेन में संचालित किया जा सकें. उन्होंने कहा कि जयपुर जाने वाली सड़क पर गांव साल्हावास के समीप सड़क को ठीक किया जाए, यहां हादसे होने की संभावना बनी रहती है.
NHAI के एक अधिकारी ने बताया कि कसौला चौक से धारूहेड़ा के बीच वाहनों की आवाजाही के लिए जल्द ही एक अंडरपास का निर्माण किया जाएगा. बैठक के दौरान डीसी ने बनीपुर चौक के फ्लाईओवर का निर्माण काम जल्द पूरा करने की बात कही.
जल्द निर्माण कार्य होगा शुरू
उन्होंने कहा कि कापड़ीवास फ्लाईओवर की सर्विस लेन का एसडीएम, एसएचओ ट्रैफिक व आरटीए विभाग का एक कर्मचारी मौके पर जाकर मुआयना करे. यहां रास्ते में एक नाला बना हुआ है जो वाहन चालकों के लिए रूकावटें पैदा कर रहा है. इस समस्या का समाधान करने की कार्यवाही शुरू की जाए. उन्होंने कहा कि NH- 71 पर गांव पाल्हावास में अंडरपास का निर्माण कार्य शुरू किया जाए.
