रोहतक | हरियाणा के रोहतक जिले से खिलाड़ियों सहित आमजन के लिए अच्छी खबर सामने आई है. यहां बोहर गांव में करोड़ों रुपए की लागत से विकास कार्य कराए जा रहे हैं जिससे गांव का चहुंमुखी विकास होगा और लोगों को बेहतर मूलभूत सुविधाओं का लाभ मिलेगा.

हॉकी खिलाड़ियों के लिए खुशखबरी
गांव बोहर में करीब 10 करोड़ रुपए की लागत से अंतरराष्ट्रीय स्तर के हॉकी स्टेडियम का निर्माण कार्य जोरों पर है. यहां इंडोर हॉल भी बनाया जाएगा जिसमें कुश्ती, कबड्डी, बॉक्सिंग और टेबल- टेनिस आदि खेलों के खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाओं का लाभ मिलेगा. खिलाड़ियों को तैयारी करने के लिए बेहतर मंच मिलेगा जिससे उनके खेल कौशल में निखार आएगा.
बोहर- भालौठ रोड का नए सिरे से निर्माण किया जा रहा है. जलभराव से छुटकारा दिलाने के लिए इसके दोनों ओर नालों का निर्माण किया जाएगा. वार्ड में शामिल बाबा मस्तनाथ नगर की तमाम गलियों को पक्का किया जाएगा जिसपर 84 लाख रुपए की लागत आएगी.
बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का मिलेगा लाभ
पार्षद रमेश बोहर ने बताया कि गांव में 2 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) निर्माण की मंजूरी मिल चुकी है और अब इनके लिए जमीन चिह्नित की जा रही है. इनके बनने से लोगों को छोटे- मोटे उपचार के लिए शहर की भागदौड़ से छुटकारा मिलेगा. गढ़ी बोहर में सभागार बनेगा. यहां पार्क निर्माण भी हो रहा है. शहीद सतपाल गिरोह पार्क बनाया जा रहा है.
उन्होंने बताया कि गांव में पेयजलापूर्ति व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है. वहीं, गंदे पानी की निकासी के लिए गांव के चारों ओर बड़ी सीवर लाइन बिछाई जाएगी जिससे गंदा पानी सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट में जाएगा.
सीएम नायब सैनी की घोषणा के तहत स्टेडियम में विकास कार्य हो रहे हैं. स्टेडियम में एक मुख्य हॉकी मैदान होगा जबकि दूसरा मैदान प्रैक्टिस के लिए रहेगा. स्टेडियम में एडमिन ब्लॉक का भवन तैयार हो गया है. गांव के चहुंमुखी विकास के लिए अनेकों योजनाएं धरातल पर हैं. जल्द ही, लोगों को बेहतर बुनियादी सुविधाओं का लाभ मिलेगा- रमेश बोहर, पार्षद