रोहतक | हरियाणा में लोकसभा चुनावों के लिए 25 मई को मतदान होगा. जैसे-जैसे मतदान की तारीख नजदीक आ रही है, वैसे- वैसे सूबे का सियासी पारा गर्माता जा रहा है. सभी राजनीतिक दलों ने चुनाव प्रचार में जान झोंक दी है. इसी कड़ी में भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने भी सभी 10 लोकसभा सीटों पर जीत हासिल करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित तमाम केन्द्रीय नेताओं को हरियाणा के चुनावी रण में उतारने की तैयारियां शुरू कर दी है.
PM मोदी की 3 रैली प्रस्तावित
रोहतक स्थित बीजेपी पार्टी कार्यालय में मीडिया से बातचीत करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री और करनाल लोकसभा सीट से प्रत्याशी मनोहर लाल ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हरियाणा में पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में तीन रैलियां करेंगे. हालांकि अभी तक तारीख और स्थान तय नहीं हुआ है लेकिन जल्द ही पीएम समेत अन्य केन्द्रीय नेताओं की रैलियों का शेड्यूल जारी किया जाएगा.
सरकार पर कोई खतरा नहीं
पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने 3 निर्दलीय विधायकों द्वारा नायब सैनी सरकार से समर्थन वापस लेने के मामले पर कहा कि बीजेपी सरकार को कोई खतरा नहीं है. उन्होंने बताया कि JJP पार्टी के कुछ विधायकों ने सरकार को समर्थन देने का मन बनाया है. कांग्रेस के कुछ विधायक उनकी पार्टी के विचार से अलग विचार रखते हैं.
वहीं, कांग्रेस पार्टी (Congress) की ओर से गवर्नर को लिखी चिट्ठी के बारे में उन्होंने कहा कि इसका कोई महत्व नहीं है. फिर भी गवर्नर और विधानसभा स्पीकर इस बारे में फैसला लेंगे. हमारी सरकार हर परिस्थिति का सामना करने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं और निश्चित समय पर ही हरियाणा विधानसभा के चुनाव होंगे. मनोहर लाल ने JJP प्रत्याशी नैना चौटाला पर हुए हमले की निंदा करते हुए कहा कि इस प्रकार की घटनाएं लोकतंत्र पर धब्बा होती है और दुनिया इसकी कड़ी आलोचना करती है.
