खुशखबरी: गोहाना के लोगों को मिलेगा ड्रेन की गंदगी व बदबू से छुटकारा, 60 करोड़ से बनेगा हेरिटेज पॉर्क

सोनीपत | जलेबी की वजह से हरियाणा सहित पूरे उत्तर भारत में मशहूर गोहाना शहर की जनता के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. यहां लोगों की दशकों पुरानी मांग को धरातल पर अमलीजामा पहनाने की तैयारियां शुरू हो गई है. बता दें कि शहर के बीचोंबीच से गुजरने वाली ड्रेन नंबर- 8 को कवर कर उसके ऊपर भगवान परशुराम हेरिटेज पॉर्क और आधुनिक जॉगिंग ट्रैक विकसित किया जाएगा. इसके लिए औपचारिक प्रकिया शुरू हो गई है.

Park

हरियाणा CM ने की थी घोषणा

इसी साल 29 मार्च को गोहाना में धन्यवाद एवं विकास रैली आयोजित हुई थी जिसमें बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करने पहुंचे मुख्यमंत्री नायब सैनी ड्रेन को कवर करके हेरिटेज पार्क और जॉगिंग ट्रैक बनाने की घोषणा की थी. उनकी इस घोषणा पर आधिकारिक कोड जारी हो गया है जिसके बाद संबंधित विभागों में हलचल तेज हो गई है.

शहरी स्थानीय निकाय विभाग के मुख्य अभियंता के कार्यालय की तरफ से जिला नगर आयुक्त को पत्र जारी कर इस परियोजना को लेकर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं. परियोजना के तहत गोहाना शहर में सोनीपत चुंगी से पानीपत चुंगी तक ड्रेन को चरणबद्ध तरीके से कवर किया जाएगा और इसके ऊपर भगवान परशुराम हेरिटेज पार्क व जॉगिंग ट्रैक बनाया जाएगा. लगभग 60 करोड़ रुपए की इस महत्वाकांक्षी परियोजना के पूरा होने पर शहर की आबादी को एक नए हरित कॉरिडोर का तोहफा मिलेगा. मुख्यालय ने अधिकारियों को जल्द परियोजना की व्यवहारिक रिपोर्ट, रफ कास्ट एस्टीमेट और टिप्पणियां भेजने के निर्देश दिए हैं.

शहर की खूबसूरती में लगेंगे चार- चांद

खुली ड्रेन के चलते शहरवासियों को सिर्फ बदबू और मच्छर ही नहीं बल्कि गंदगी का सामना भी करना पड़ रहा है. ऐसे में ड्रेन कवर होने से बदबू और प्रदुषण से राहत ही नहीं बल्कि शहर की खूबसूरती में भी चार-चांद लगेंगे. लोगों को सुबह- शाम सैर, व्यायाम और मनोरंजन के लिए आधुनिक सुविधाओं का लाभ मिलेगा. इससे स्वच्छता के मामले में शहर को नई पहचान मिलेगी.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.