सोनीपत | हरियाणा के सोनीपत जिले के लोगों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है. बता दें कि सोनीपत शहर में स्थित राष्ट्रीय वैदिक परमार्थ ट्रस्ट की गोशाला में पशु एंबुलेंस सेवा का शुभारंभ किया गया है. इस एंबुलेंस के माध्यम से अब सड़कों या अन्य स्थानों पर घायल, बीमार या लावारिस गोवंश को तुरंत अस्पताल या गोशाला तक पहुंचाया जा सकेगा.

आधुनिक सुविधाओं से लैस एंबुलेंस
यह सेवा पूरी तरह फ्री रहेगी और इसमें हाइड्रोलिक स्ट्रेचर, आक्सीजन सिलिंडर, प्राथमिक उपचार किट और प्रशिक्षित पैरावेट जैसी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध है, ताकि मौके पर ही पशुओं को तुरंत राहत दी जा सके. इसके अलावा इसमें प्रशिक्षित स्टाफ भी मौजूद रहेगा, जो जरूरत पड़ने पर पशुओं की देखभाल करेगा.
यह एंबुलेंस सेवा पूरी तरह से घायल, बीमार और बेसहारा पशुओं के लिए समर्पित रहेगी. किसी भी नागरिक द्वारा सूचना देने पर एंबुलेंस मौके पर पहुंचकर पशु को गोशाला या पशु चिकित्सालय तक ले जाएगी और तत्काल उपचार संभव हो सकेगा.
करीब 10 वर्षों से कर रहे सेवा
गोशाला प्रबंधन का कहना है कि वे पिछले 10 वर्षों से पशु सेवा में लगे हुए है. इस एंबुलेंस के शुरू होने से सेवा कार्य और मजबूत होगा. इससे खासकर उन पशुओं को फायदा मिलेगा, जो सड़क हादसों या बीमारी के कारण तड़पते रहते है. यह पहल सोनीपत में पशु कल्याण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है, जिससे घायल और असहाय पशुओं को समय पर इलाज मिल सकेगा.