सोनीपत योग दिवस कार्यक्रम में मंत्री का ऐलान, गांव- गांव बनेंगी व्यायामशालाएं और इंडोर जिम

सोनीपत | हरियाणा के सोनीपत में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस धूमधाम से मनाने की तैयारी की जा रही है. इसी को लेकर भगत फूल सिंह महिला विश्वविद्यालय,खानपुर कलां में जिला स्तरीय योग अभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इसमें प्रदेश के विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार बतौर मुख्य अतिथि के रूप में पहंचे जहां उन्होंने विद्यार्थियों, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और अधिकारियों के साथ सामूहिक योगाभ्यास किया.

Happy Yoga Day Images 4

इस मौके पर कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि योग व्यायाम के साथ- साथ शरीर, मन और आत्मा को जोड़ने वाली भारत की प्राचीन धरोहर है. उन्होंने लोगों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील करते हुए कहा कि आज योग पूरी दुनिया में मानव कल्याण का प्रभावी माध्यम बन चुका है.

कम करता है तनाव

उन्होंने कहा कि हजारों वर्षों पुरानी योग परंपरा आज भी बेहतर स्वास्थ्य, मानसिक संतुलन जीवन का मार्ग दिखा रही है. योग व्यक्ति को शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाता है, तनाव कम करता है और आत्मविश्वास को भी बढ़ाता है. मंत्री ने बताया कि इस साल अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य और कल्याण पर केंद्रित है. बढ़ती उम्र में स्वस्थ और सक्रिय जीवन बनाए रखने के लिए योग सबसे प्रभावी उपायों में से एक है. उन्होंने युवाओं से भी अभी से योग को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाने का आग्रह किया.

मिली वैश्विक पहचान

अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है. साल 2014 में संयुक्त राष्ट्र महासभा में भारत के प्रस्ताव को 177 देशों का समर्थन मिला था और आज 21 जून को 200 से अधिक देशों में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाता है. कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को हासिल करने में नारी शक्ति और युवा शक्ति की अहम भूमिका होगी. उन्होंने भगत फूल सिंह महिला विश्वविद्यालय की छात्राओं की सराहना करते हुए कहा कि यह संस्थान महिला शिक्षा और सशक्तिकरण का मजबूत केंद्र बन चुका है.

यह भी पढ़े -  सोनीपत में रेल यात्रियों की मुश्किलें बढ़ीं, कई ट्रेनें रद्द

ई- लाइब्रेरी हो रही स्थापित

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार योग और आयुष प्रणाली को मजबूत करने पर लगातार काम कर रही है. आयुष विभाग के लिए 135 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है. प्रदेश में 859 आयुष योग सहायकों की नियुक्ति की जा चुकी है और 397 आयुष औषधालय तथा 109 उप- स्वास्थ्य केंद्र संचालित किए जा रहे हैं. मंत्री ने बताया कि हरियाणा के लगभग 6500 गांवों में व्यायामशालाएं स्थापित करने की योजना पर काम चल रहा है जिनमें से 883 का निर्माण पूरा हो चुका है. 6225 ग्राम पंचायतों में अटल ई- लाइब्रेरी स्थापित करने का अभियान जारी है जहां कंप्यूटर, वातानुकूलित अध्ययन कक्ष और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़ी पुस्तकें उपलब्ध कराई जाएंगी.

यह लोग रहे मौजूद

कार्यक्रम के अंत में कृष्ण लाल पंवार ने विद्यार्थियों को स्पष्ट लक्ष्य तय कर मेहनत करने की सलाह दी. साथ ही, कहा कि पढ़ाई, खेल और योग के माध्यम से व्यक्तित्व विकास कर युवा देश निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं. इस दौरान विधायक पवन खरखौदा, उपायुक्त नेहा सिंह, कुलपति प्रो. सुदेश, भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक भारद्वाज, बिजेंद्र मलिक, अतिरिक्त उपायुक्त अजय चोपड़ा समेत कई अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे.

Avatar of Sanjucta Pandit
Sanjucta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर कंटेंट एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.