सोनीपत | हरियाणा में बेरोजगार युवाओं के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. यहां सोनीपत जिले के खरखोदा में स्थित IMT में ऑटोमोबाइल उद्योग को बढ़ावा देने की दिशा में नए उद्योग स्थापित किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में अब मारूति सुजुकी के बाद जापान की प्रतिष्ठित ऑटोमोबाइल कंपनी सुजुकी ने भी यहां निवेश की तैयारियां तेज कर दी हैं. कंपनी यहां 100 एकड़ जमीन पर दोपहिया वाहन निर्माण के लिए नया प्लांट लगाने की तैयारियां तेज कर चुकी हैं.
दूसरा बड़ा ऑटोमोबाइल निवेश
सुजुकी कंपनी खरखोदा आईएमटी में प्लांट निर्माण के लिए 100 एकड़ जमीन खरीद चुकी है और अब यहां प्लांट निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा. इसके लिए जमीन की साफ-सफाई का काम जोरों पर है. जमीन से झाड़ियां आदि हटाकर मिट्टी जमाने का काम चल रहा है. इसके बाद, भूमि पूजन कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया जाएगा.
खरखोदा स्थित IMT में यह मारूति के बाद दूसरा सबसे बड़ा निवेश होगा. यहां 800 एकड़ जमीन पर मारूति प्लांट का निर्माण कार्य चल रहा है. वहीं, सुजुकी प्लांट 100 एकड़ जमीन पर तैयार किया जाएगा. इसके अलावा यूनो मिंडा कंपनी भी यहां 95 एकड़ में अपना प्लांट स्थापित करेगी.
नौकरियों के खुलेंगे दरवाजे
हरियाणा स्टेट इंडस्ट्रियल एंड इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (HSIIDC) के एस्टेट अधिकारी नरेश रोहिल्ला ने बताया कि सुजुकी ने प्लांट के भूमि पूजन की तैयारियां शुरू कर दी है. बुनियादी ढांचे का निर्माण कार्य तेज गति से चल रहा है. उन्होंने कहा कि जल्द ही विश्व पटल पर खरखोदा आईएमटी की पहचान एक उभरते हुआ ऑटोमोबाइल हब के रूप में दिखाई देगी. यहां मारुति और सुजुकी जैसे बड़े ब्रांड्स के प्लांट शुरू होने पर लाखों लोगों के लिए प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के अवसर पैदा होंगे. साथ ही, हरियाणा के औद्योगिक विकास को नई रफ्तार मिलेगी.
