सोनीपत | हरियाणा के सोनीपत जिले के गोहाना क्षेत्र के गांव महमूदपुर में बुधवार तड़के एक दर्दनाक हादसे में पुराने मकान की छत गिरने से जेठानी- देवरानी की मौत हो गई. लगातार हो रही बारिश के कारण जर्जर मकान की छत अचानक भरभराकर गिर गई. हादसे के समय दोनों महिलाएं कमरे में चारपाई पर सो रही थीं. भारी शहतीर, ईंट और मिट्टी उनके ऊपर गिरने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई. बता दें कि मृतकों की पहचान 55 वर्षीय बिमला और 52 वर्षीय सुनील रानी के रूप में हुई है.

दोनों सोमवार रात खाना खाने के बाद पुराने मकान में सोने गई थीं. परिवार के अन्य सदस्य पास बने दूसरे मकान में सो रहे थे. सुबह करीब साढ़े चार बजे जब परिजन उन्हें चाय देने पहुंचे तो कमरे की छत गिरी हुई मिली. इसके बाद, परिवार में चीख- पुकार मच गई.
सोनीपत में दर्दनाक हादसा
हादसे की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और परिवार के साथ मिलकर कस्सी, फावड़ों और अन्य उपकरणों की मदद से मलबा हटाना शुरू किया. काफी मशक्कत के बाद दोनों महिलाओं के शव बाहर निकाले गए. सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए खानपुर मेडिकल कॉलेज भेज दिया. मामले की जांच जारी है. ग्रामीणों के अनुसार लगातार हो रही बारिश से पुराने मकान की दीवारें और मिट्टी कमजोर हो चुकी थीं. देर रात छत अचानक ढह गई और लकड़ी का भारी शहतीर सीधे चारपाई पर गिरा, जिससे दोनों महिलाओं को संभलने का मौका भी नहीं मिला.
2 महिलाओं की मौत
गांव के लोगों ने बताया कि बिमला और सुनील रानी का रिश्ता जेठानी- देवरानी से ज्यादा सगी बहनों जैसा था. दोनों हमेशा साथ रहतीं, साथ खाना खातीं और अक्सर एक ही कमरे में सोती थीं. बिमला की कोई बेटा नहीं था, इसलिए सुनील रानी ने अपना बेटा दीपक उन्हें गोद दे दिया था. परिवार और गांव के लोग उनके इस रिश्ते की मिसाल देते थे. परिवार के अनुसार, मकान काफी पुराना हो चुका था और उसे तोड़कर नया घर बनाने की तैयारी चल रही थी, लेकिन उससे पहले ही यह हादसा हो गया. दोनों परिवार खेती से जुड़े हैं और गांव में करीब 30 से 40 एकड़ भूमि पर कृषि करते हैं. एक साथ परिवार की दो महिलाओं की मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है.
पुलिस ने बताया कि मामला जर्जर मकान की छत गिरने से हुए हादसे का है. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे और मामले की जांच की जा रही है. इस घटना के बाद से पूरे गांव में मातम छाया हुआ है.