सरकार की नई गाइडलाइन, PNG सुविधा मिलने के बाद खत्म होगा LPG कनेक्शन

सोनीपत | गोहाना शहर के जिन इलाकों में पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) की सुविधा उपलब्ध हो चुकी है, वहां रहने वाले घरेलू एलपीजी (LPG) उपभोक्ताओं को 13 सितंबर के बाद गैस सिलिंडर की सप्लाई नहीं मिलेगी. सरकार के नए निर्देशों के अनुसार एक ही घर में घरेलू LPG और PNG दोनों सेवाओं का एक साथ उपयोग नहीं किया जा सकेगा. ऐसे उपभोक्ताओं को अपना LPG कनेक्शन सरेंडर करना होगा. यदि ऐसा नहीं किया गया तो गैस सिलिंडर की आपूर्ति बंद कर दी जाएगी. गोहाना के 23 वार्डों में से अधिकांश क्षेत्रों में PNG पाइपलाइन बिछाई जा चुकी है और उपभोक्ताओं को कनेक्शन भी दिए जा रहे हैं.

PNG

शहर में 3 LPG डिस्ट्रीब्यूटर घरेलू गैस सिलिंडर की सप्लाई कर रहे हैं. शहर में करीब 25 हजार से अधिक घरेलू LPG उपभोक्ता हैं जिनमें से लगभग दो- तिहाई ऐसे क्षेत्रों में रहते हैं जहां PNG की सुविधा पहुंच चुकी है. ऐसे उपभोक्ताओं पर इस नए नियम का सीधा असर पड़ेगा.

घर- घर जाकर दी जाएगी जानकारी

उपभोक्ताओं को नए नियम की जानकारी देने के लिए HPCL से अनुबंधित एजेंसी के कर्मचारी घर-घर जाकर जागरूक करेंगे. उन्हें बताया जाएगा कि यदि उनके घर तक PNG नेटवर्क उपलब्ध है तो उन्हें LPG कनेक्शन सरेंडर करना होगा. साथ ही कनेक्शन सरेंडर करने की प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी भी दी जाएगी. सरकार ने ऐसे उपभोक्ताओं को राहत देने का भी प्रावधान किया है, जिनके घर तक किसी तकनीकी कारण से PNG लाइन नहीं पहुंचाई जा सकती. ऐसे मामलों में संबंधित LPG डिस्ट्रीब्यूटर से नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट (NOC) प्राप्त करने के बाद उनका LPG कनेक्शन जारी रखा जा सकेगा.

यह भी पढ़े -  सोनीपत के 1329 किसानों की नजर 21 अगस्त के ड्रा पर, 212 को मिलेंगे सुपर सीडर- बेलर

दोबारा मिल सकेगा LPG कनेक्शन

यदि कोई उपभोक्ता भविष्य में PNG वाले क्षेत्र से ऐसे इलाके में शिफ्ट होता है, जहां केवल LPG की सुविधा उपलब्ध है, तो वह अपना पुराना LPG कनेक्शन दोबारा चालू करवा सकेगा. इसके लिए संबंधित गैस एजेंसी की निर्धारित प्रक्रिया पूरी करनी होगी. एएफएसओ गोहाना राजेश हुड्डा ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि जिन क्षेत्रों में PNG सुविधा उपलब्ध है, वे समय रहते अपने LPG कनेक्शन की स्थिति स्पष्ट कर लें. यदि तकनीकी कारणों से PNG कनेक्शन संभव नहीं है तो संबंधित डिस्ट्रीब्यूटर से NOC प्राप्त करें.

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.