चंडीगढ़, Haryana Weather Update | हरियाणा में मानसून ने पूरे प्रदेश में अपने रंग बिखेर दिए हैं. आज सुबह से ही पानीपत, अंबाला और यमुनानगर में बारिश देखने को मिली है. वहीं, कल रात पंचकूला और झज्जर में भी बरसात हुई है. 30 जून की सुबह होते ही हिसार, गुरुग्राम, फरीदाबाद और झज्जर का आसमान बादलों से ढका नजर आ रहा है. इन जिलों में भी बारिश की संभावना बनी हुई है. मौसम खुशनुमा होने से लोगों को काफी राहत मिली हुई है.
पूरे राज्य के लिए अलर्ट
मौसम विभाग के चंडीगढ़ केंद्र ने आज पूरे हरियाणा में बरसात को लेकर अलर्ट जारी किया है. अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, कैथल, जींद, पानीपत और सोनीपत में तेज बारिश के आसार जताए गए हैं. बाकी जिलों में रिमझिम बारिश की संभावना बनी हुई है. 29 जून को मानसून ने पूरे प्रदेश को कवर कर लिया था. रविवार को 16 जिलों में जोरदार बारिश दर्ज की गई है.
विभाग के अनुसार, इस बार मानसून ने प्रदेश में 5 दिन पहले ही दस्तक दी थी. इससे पिछले साल की तुलना में अब तक 24% ज्यादा बरसात हो चुकी है.
तापमान में आई गिरावट
आमतौर पर जून में 50 एमएम बारिश होती है, लेकिन इस बार 62 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई है. रविवार को बारिश के कारण प्रदेश के अधिकतम तापमान में 3 डिग्री की गिरावट देखी गई. ओवरऑल सामान्य तापमान 6 डिग्री नीचे दर्ज किया गया है. उमस भरी गर्मी से जूझ रहे लोगों को इस बारिश से कुछ राहत जरूर मिली है. 1 जुलाई को यमुनानगर, करनाल, पानीपत, सोनीपत और झज्जर में तेज बारिश की संभावना है.
पंचकूला, अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल, जींद, रोहतक, चरखी दादरी, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल और मेवात में मध्यम बारिश के आसार हैं. सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी और महेंद्रगढ़ में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है.
2 और 3 जुलाई को भी होगी बरसात
2 जुलाई को भिवानी, चरखी दादरी, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल और मेवात में तेज बारिश की संभावना है. पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, जींद, पानीपत, सोनीपत, रोहतक और हिसार में मध्यम बारिश हो सकती है. सिरसा और फतेहाबाद में हल्की बारिश के आसार हैं.
3 जुलाई को झज्जर, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल और मेवात में तेज बारिश हो सकती है. पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, जींद, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, भिवानी, चरखी दादरी और महेंद्रगढ़ में मध्यम बारिश की संभावना है. इस दौरान सिरसा, फतेहाबाद और हिसार में हल्की बारिश के आसार बने हुए हैं.
