चंडीगढ़ | उत्तर- पश्चिमी पहाड़ी हवाओं के कारण हरियाणा में छठे दिन भी शीतलहर का प्रभाव देखने को मिल रहा है. ठंड का आलम यह है कि सुबह- शाम तो घर से बाहर निकलना ही मुश्किल हो रहा है. हालांकि, दिन के समय धूप जरूर निकलती है, लेकिन उससे भी कुछ खास राहत नहीं मिल रही.
तीसरे दिन हिसार का तापमान रहा 2 डिग्री से कम
धूप खिलने से तापमान में बिल्कुल हल्की बढ़ोतरी हुई है. रात के न्यूनतम तापमान में औसतन 2 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है, फिर भी यह सामान्य से 2 डिग्री कम है. सबसे कम तापमान हिसार जिले का रहा. यहाँ का तापमान 1.7 डिग्री दर्ज किया गया. लगातार तीसरे दिन यहाँ का तापमान 2 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया. सोनीपत और नारनौल में तापमान क्रमशः 2 और 3.8 डिग्री दर्ज किया गया.
इन जिलों में शीतलहर का अलर्ट
दूसरी तरफ मौसम विभाग द्वारा प्रदेश के 17 जिलों में 14 और 15 दिसंबर को शीतलहर का येलो अलर्ट जारी किया है. इनमें पंचकूला, अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चंडीगढ़, रोहतक, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, मेवात और पलवल शामिल है. इस दौरान 10 से 11 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से ठंडी हवाएं चलने का भी अनुमान बताया गया है, वहीं कुछ जगह बादलवाही भी देखने को मिल सकती है.
आगे ऐसा रहेगा मौसम
इस बारे में जानकारी देते हुए मौसम विशेषज्ञ चंद्र मोहन ने बताया कि पश्चिमी- उत्तरी बर्फीली हवाओं के चलते प्रदेश में भी ठंड महसूस की जा रही है. 8 से 10 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं, इस कारण धुंध और कोहरा दिखाई नहीं दे रहा है. आने वाले दिनों में भी ऐसा ही मौसम बना रहेगा.
