चंडीगढ़ | हरियाणा सहित उत्तर भारत के कई राज्यों में इन दिनों कड़ाके की ठंड पड़ रही है. न्यूनतम तापमान सामान्य से काफी कम चल रहा है और सुबह के समय कोहरे की वजह से विजिबिलिटी भी काफी कम दर्ज की जा रही है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी राजस्थान के लिए रेड अलर्ट जारी किया है जहां अगले 2 दिनों तक भीषण ठंड और बहुत घना कोहरा बने रहने की संभावना है.
मौसम पूर्वानुमान एजेंसी स्काईमेट के मुताबिक, उत्तर भारत में अभी अगले 2-3 दिन ठंड और बढ़ेगी. 15 जनवरी के बाद नए पश्चिमी विक्षोभ यानी वेस्टर्न डिस्टर्बेस के पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र की ओर बढ़ने की संभावना है जिसके असर से जम्मू- कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल में बर्फबारी होगी जबकि राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, दिल्ली और आस- पास के इलाकों में पाला पड़ेगा.
हरियाणा में ऐसा रहेगा मौसम का मिजाज
राज्य में मौसम आमतौर पर 16 जनवरी तक खुश्क रहने की संभावना है. इस दौरान उत्तर- पश्चिमी शीतलहर चलने से रात्रि तापमान में हल्की गिरावट दर्ज होगी और दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी होने की संभावना है. वहीं, दक्षिण और पश्चिमी- हरियाणा के जिलों में कहीं- कहीं पाला पड़ने की भी संभावना है.
बूंदाबांदी होने की संभावना
इस दौरान राज्य में ज्यादातर स्थानों पर सुबह, देर रात्रि को हल्की से मध्यम धुंध आने की संभावना है. लगातार दो पश्चिमी विक्षोभ 16 जनवरी से 19 जनवरी रात्रि को आने की संभावना से मौसम में बदलाव बने रहने की संभावना है जिसके चलते 17 और 18 जनवरी को आंशिक बादलवाई, एक- दो स्थानों पर छिट- पुट बूंदाबांदी होने की संभावना है परंतु 19 जनवरी के बाद राज्य के ज्यादातर स्थानों पर बारिश की संभावना बन रहीं है.
