चंडीगढ़, Haryana Mausam News | हरियाणा में निरंतर तापमान में गिरावट देखने को मिल रही है. ठंड का आलम यह है कि शीतलहर के चलते घर से निकलना भी मुश्किल हो चुका है. दिन के समय निकलने वाली धूप भी सर्दी से राहत दिलवाने में नाकाफी साबित हो रही है. बीते 24 घंटे में हिसार जिले का तापमान सबसे कम 3.0 डिग्री दर्ज किया गया. वहीं, सोनीपत का तापमान भी 3.6 डिग्री रहा. फतेहाबाद में आज सुबह पाले की सफेद चादर देखने को मिली.
इन 18 जिलों में चलेगी शीतलहर
इसी बीच मौसम विभाग द्वारा प्रदेश के 18 जिलों में शीतलहर को लेकर अलर्ट जारी किया है. इनमें पंचकूला, अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, रोहतक, झज्जर, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, मेवात और पलवल शामिल हैं. यहाँ 10 से 11 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से ठंडी हवाएं चलेंगी. इस दौरान कुछ जगहों पर बादल छाने के भी आसार बने हुए हैं.
आगे ऐसे रहेगा मौसम
विशेषज्ञों का मानना है कि पहाड़ों से आ रही उत्तर- पश्चिमी हवाओं के कारण प्रदेश में ठंड अपना जोर पकड़ रही है. लगातार तीसरे दिन हिसार का तापमान अन्य जिलों के मुकाबले सबसे कम रहा. मौसम विशेषज्ञ डॉक्टर चंद्र मोहन ने जानकारी दी की पश्चिमी- उत्तरी बर्फीली हवाओं से प्रदेश में ठंड बढ़ेगी और 8 से 10 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलेंगी. 16 दिसंबर के बाद मौसम में परिवर्तन देखने को मिलेगा और तापमान में उतार- चढ़ाव भी दर्ज किया जाएगा. दिन और रात के तापमान में गिरावट भी देखने को मिल सकती है.
