चंडीगढ़, Haryana Weather Update | हरियाणा में फिर से सर्द हवाओं ने ठिठुरन बढ़ा दी है. पहाड़ों से मैदानी इलाकों की तरफ बहकर आ रही ठंडी हवाओं से एक बार फिर से लोगों को ठंड का एहसास होना शुरू हो चुका है. सुबह और शाम जबरदस्त सर्दी महसूस हो रही है, जिस कारण प्रदेश का अधिकतम तापमान गिरकर 7 डिग्री पर पहुंच गया. वहीं, रात का तापमान भी सामान्य से 6 डिग्री पर पहुंच चुका है. मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले तीन दिनों के दौरान राज्य में 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी.
9 मार्च तक ऐसा रहेगा मौसम
यमुनानगर में कल दिन का अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया. वहीं, सिरसा का रात का तापमान 6.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया. अनुमान है कि यह और ज्यादा कम हो सकता है. आज दिन में धूप खिलने और ठंडी हवाएं चलने का अनुमान जताया गया है. हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन लाल खीचड़ द्वारा जानकारी दी गई कि 9 मार्च तक प्रदेश में मौसम परिवर्तनशील लेकिन खुश्क बना रहेगा.
बर्फबारी की बनी संभावना
9 और 12 मार्च को एक के बाद एक दो कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होंगे, जिससे राज्य के मौसम में थोड़ा बदलाव और तापमान में उतार- चढ़ाव देखने को मिलेगा. उत्तरी पहाड़ी इलाकों में हल्की बर्फबारी की भी संभावना बनी हुई है. मार्च के दूसरे सप्ताह से ठंड अपना असर दिखाना कम कर देगी और होली के बाद गर्मी का एहसास होने लगेगा. विशेषज्ञों ने किसानों को सलाह दी है कि आने वाले तीन से चार दिनों तक खेतों में सिंचाई न करें क्योंकि तेज हवाओं से पकी फसलों को नुकसान हो सकता है.
