चंडीगढ़ | हरियाणा में मौसम लगातार परिवर्तनशील बना हुआ है. दिन मे धूप सेंकने को मिलती है वही रात में ठंड का अहसास होता है. आज प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ का असर भी देखने को मिलेगा. जिसके कारण कुछ जगहों पर बारिश की संभावना है.
इस दिन होगी बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव के कारण 4 नवंबर रात से मौसम में हल्का बदलाव आने की संभावना है, जिससे 4 नवंबर रात व 5 नवंबर को मौसम परिवर्तनशील रहने की संभावना है. इस दौरान बीच- बीच में बादल छाएं रहने तथा कुछ एक स्थानों पर गरज चमक के साथ हल्की बूंदाबांदी होने की भी संभावना है, जिससे दिन के तापमान में हल्की कमी व रात तापमान में हल्की बढ़ोतरी देखने को मिलेगी.
खुश्क रहने की संभावना
6 नवंबर से 9 नवंबर के दौरान मौसम आमतौर पर खुश्क रहने की संभावना है. इस दौरान फिर से उत्तर व उत्तर पश्चिमी हवाएं हल्की से मध्यम गति से दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी होने परंतु रात तापमान में हल्की गिरावट की संभावना है. राजधानी चंडीगढ़ और पंचकूला में आज मौसम साफ रहेगा, लेकिन सुबह – सुबह हल्की धुंध छाई रह सकती है.
गुड़गांव और फरीदाबाद में भी आज धूप खिली रहेगी. फरीदाबाद का अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहेगा. गुरुग्राम में तापमान सामान्य रहेगा, लेकिन हवाएं तेज चल सकती है. सुबह के समय फरीदाबाद और गुरुग्राम में धुंध होने के कारण यात्रियों को थोड़ी परेशानी झेलनी पड़ सकती है.
