नई दिल्ली | राजधानी दिल्ली- NCR समेत कई मैदानी इलाकों में दिन निकलते ही धूप जरूर खिल रही है, लेकिन यह पहाड़ों से आ रही शीत लहर से राहत दिलाने में नाकाफी साबित हो रही है. आलम यह है कि जम्मू- कश्मीर, उत्तराखंड, हिमाचल के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में तापमान माइनस में पहुंच रहा है. इस कारण मैदानी इलाकों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है. मौसम विभाग की मानें, तो अगले 48 घंटे में राजधानी दिल्ली समेत एनसीआर के कई इलाकों में मौसम बदलने वाला है.
2 दिन बाद गिरेगा पारा
मैदानी इलाकों में सुबह और शाम तापमान में गिरावट देखने को मिल रही है. 2 दिन बाद तापमान में और ज्यादा गिरावट देखने को मिलेगी. मौसम विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, शनिवार को राजधानी का औसत न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस रहा. अनुमान है कि आज दिन का अधिकतम मौसम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. कल रविवार को राजधानी का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा सकता है.
इन इलाकों में होगी बरसात
सोमवार को राजधानी में बादल छाने और बरसात होने की संभावना बताई गई है. विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, दिल्ली- एनसीआर सहित उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में बरसात की संभावना बनी हुई है. IMD ने जानकारी दी कि उत्तरोत्तर में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव सतही होने के चलते 22 दिसंबर के बाद दिल्ली- एनसीआर में सोमवार को हल्की बरसात होने की संभावना बनी हुई है.
