हिसार, Haryana Mausam News | हरियाणा में अब बदन झुलसा देने वाली गर्मी से कुछ राहत मिलती नजर आ रही है. बीते कुछ दिनों से होने वाली बरसात और हल्की बूंदाबांदी से मौसम खुशनुमा नजर आ रहा है. मौसम विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, आने वाले कुछ समय के लिए इसी प्रकार का मौसम बना रहेगा. इससे तापमान में भी गिरावट दर्ज की जाएगी.

विभाग द्वारा जारी अलर्ट के अनुसार, आने वाले 3 दिनों रविवार, सोमवार और मंगलवार को प्रदेश के विभिन्न जिलों में मध्यम से भारी बरसात की संभावना जताई गई है. इस दौरान 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं भी चलेंगी.
आज भी बरसात के आसार
शुक्रवार को प्रदेश के कई जिलों में बरसात और बूंदाबांदी से प्रदेश का तापमान सामान्य से 3.1 डिग्री गिर गया. विभाग द्वारा 4 मई को पूरे प्रदेश भर में बरसात की संभावना जताई गई है. पंचकुला, अंबाला, यमुनानगर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, मेवात और पलवल में 25 से 50 फीसदी जबकि बाकी जिलों में 25 फीसदी तक बरसात के आसार बने हुए हैं. इस दौरान 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने, बादल छाने और गरज चमक के भी आसार जताए गए हैं. कैथल, जींद और पानीपत को ग्रीन जोन और बाकी जिलों को येलो जोन में रखा गया है.
जोन में किया गया विभाजित
विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, कल 5 मई को पंचकुला, अंबाला, यमुनानगर में बरसात की 50 से 75 फीसदी, कुरुक्षेत्र, करनाल, कैथल, पानीपत, सोनीपत में 25 से 50 फ़ीसदी और बाकी जिलों में 25 फ़ीसदी बरसात के आसार जताए गए हैं. 6 मई को सिरसा, फतेहाबाद, जींद और हिसार में 25 फ़ीसदी, बाकी जिलों में 25 से 50 फीसदी बरसात के आसार जताए गए है. 7 मई को पंचकुला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल और कैथल में बरसात की 25 फीसदी संभावना बनी हुई है. इस दौरान बाकी जिलों में मौसम खुश्क बना रहेगा.