चंडीगढ़ | हरियाणा में मौसम लगातार बदलाव के दौर से गुजर रहा है. बीते कुछ दिनों से दिन में धूप निकलने के कारण ठंड (Haryana Cold) से राहत जरूर मिली थी, लेकिन शुक्रवार से फिर से मौसम करवट लेता नजर आया. सुबह होते ही प्रदेश के अधिकांश जिले घने कोहरे की चादर में लिपटे नजर आए. भिवानी, हिसार, फरीदाबाद, सिरसा सहित कई जिलों में सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा, जिससे विजिबिलिटी भी प्रभावित हुई.
5 फरवरी तक बारिश के आसार
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, हरियाणा में एक के बाद एक दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकते हैं. 31 जनवरी की रात से लेकर 5 फरवरी तक प्रदेश में बारिश होने की संभावना जताई गई है. मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि इस बारिश से खासतौर पर गेहूं की फसल को लाभ मिलेगा. हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (HAU) की ओर से पहले ही किसानों के लिए एडवाइजरी जारी कर दी गई थी, जिसमें उन्हें आगामी बारिश को ध्यान में रखते हुए सिंचाई रोकने की सलाह दी गई थी.
हल्की से मध्यम बारिश की संभावना
HAU के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन लाल खीचड़ के अनुसार, 5 फरवरी तक प्रदेश में मौसम बदलाव देखने को मिलेगा. दो पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के चलते 31 जनवरी की देर रात और 1 फरवरी को राज्य के कई हिस्सों में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे. वहीं, उत्तर- पश्चिमी क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी के आसार भी बने हुए हैं.
2 फरवरी को कई इलाकों में सुबह के समय घना कोहरा देखने को मिल सकता है. इसके अलावा, 3 फरवरी की रात से 5 फरवरी के बीच अरब सागर से आने वाली नमी वाली हवाओं के प्रभाव से प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में गरज- चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.
