हरियाणा में कहर बरपा रही गर्मी, 2 दिन हीट वेव का अलर्ट; जानें कब मिलेगी राहत

चंडीगढ़, Haryana Mausam News | हरियाणा में गर्मी का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है. आम जनजीवन अस्त- व्यस्त होता जा रहा है. लोग घरों से निकलने में भी परेशानी महसूस कर रहे हैं. इंसान ही नहीं, पशु- पक्षी और पेड़- पौधों पर भी गर्मी का प्रभाव साफ नजर आ रहा है. ऐसे हालातों में स्कूली विद्यार्थियों को भीषण गर्मी में स्कूल जाना पड़ रहा है. तापमान लगातार नए रिकॉर्ड बना रहा है. इसी बीच मौसम विभाग का ताजा पूर्वानुमान और चिंता बढ़ा सकता है.

garmi 1

हीटवेव का येलो अलर्ट जारी

भारत मौसम विज्ञान विभाग, चंडीगढ़ केंद्र द्वारा 20 और 21 मई के लिए हरियाणा में हीट वेव का येलो अलर्ट जारी किया गया है. इसका मतलब है कि इन दो दिनों में प्रदेश को लू का सामना करना पड़ सकता है. विभाग ने जनता को सतर्क रहने और सावधानी बरतने की सलाह दी है. प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस को पार कर चुका है. गर्मी की गंभीरता को देखते हुए फतेहाबाद जिले में स्कूलों के समय में भी बदलाव किया गया है.

इन जिलों में चलेंगी हीट वेव

मौसम विभाग ने 20 से 23 मई तक का पूर्वानुमान जारी किया है. 20 मई को हिसार, सिरसा, भिवानी, रोहतक, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, मेवात और पलवल जिलों में हीट वेव का येलो अलर्ट जारी किया गया है.

यह भी पढ़े -  खिलाड़ियों के लिए खुशखबरी, हरियाणा में खेल उपलब्धियों के आधार पर मिली सरकारी नौकरी

इस दौरान रातें भी गर्म रहने की संभावना है. 21 मई को सिरसा, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, रोहतक, सोनीपत, फरीदाबाद, मेवात और पलवल सहित 13 जिलों में अलर्ट रहेगा. 22 मई को मौसम सामान्य रह सकता है, जबकि 23 मई को अंबाला, पंचकूला और यमुनानगर में मौसम में बदलाव दिख सकता है. यहां तेज हवाएं, गरज- चमक और बादल छाने की संभावना जताई गई है.

कल ऐसा रहा मौसम

सोमवार को प्रदेश के अधिकतम तापमान में 0.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई. इसके बावजूद, गर्मी का असर पूरे प्रदेश में महसूस किया गया. प्रदेश का अधिकतम तापमान सामान्य के करीब बना हुआ है. हिसार जिले में सोमवार को 45.8 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ सबसे अधिक गर्मी दर्ज की गई. पिछले 24 घंटे में हिसार का तापमान 1 डिग्री सेल्सियस बढ़ गया. वहीं, मेवात में तापमान में 1.7 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई और वहां अधिकतम तापमान 39.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ.

Avatar of Nisha Tanwar
Nisha Tanwar
View all posts