चंडीगढ़, Haryana Weather Update | हरियाणा में बरसात की फुहारों के बाद मौसम ने करवट ली है और ठंडी हवाओं के चलते फिर से ठंड का एहसास होना शुरू हो गया है. इससे पहले ऐसा लग रहा था कि राज्य से सर्दी की विदाई शुरू हो चुकी है. कई इलाकों में तापमान 30 डिग्री के आसपास रिकॉर्ड होने लगा था, लेकिन फिर से मौसम बदल गया और बरसात का दौर शुरू हो गया. शुक्रवार को हिसार, अंबाला, करनाल, कुरुक्षेत्र, यमुनानगर, भिवानी, जींद, चरखी दादरी, रेवाड़ी, पलवल और महेंद्रगढ़ में बरसात के साथ ओलावृष्टि हुई. वहीं, पानीपत, फरीदाबाद, गुरुग्राम और झज्जर में तेज बरसात दर्ज की गई.
11 जिलों में बरसात का अलर्ट
मौसम विभाग ने आज, 1 मार्च को प्रदेश के 9 जिलों- हिसार, भिवानी, जींद, कैथल, कुरुक्षेत्र, पानीपत, सोनीपत, करनाल और पंचकूला में बरसात का येलो अलर्ट जारी किया है. अंबाला और यमुनानगर में बरसात को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है. विभाग का कहना है कि बरसात के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. कुछ इलाकों में आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना बनी हुई है.
आज 1 मार्च को प्रदेश में न्यूनतम तापमान 14.33 डिग्री और अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा सकता है. इस दौरान दिनभर हल्की से मध्यम बरसात के आसार बने हुए हैं. 2 मार्च को न्यूनतम तापमान 14.3 डिग्री और अधिकतम तापमान 28.5 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. इसके अलावा, दिनभर बादल छाए रहने की संभावना है.
आगे ऐसा रहेगा मौसम
हिसार स्थित हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन लाल खीचड़ ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से प्रदेश में 3 मार्च तक गरज और चमक के साथ हल्की से मध्यम बरसात का अनुमान है. इस दौरान रुक- रुक कर बारिश का सिलसिला जारी रहेगा. प्रदेशभर में 28 फरवरी से 6 मार्च तक हल्की से मध्यम बरसात देखने को मिलेगी. बीते दिनों हुई बारिश और ओलावृष्टि के चलते फसलों को काफी नुकसान पहुंचा है.
