भिवानी | हरियाणा में मौसम लगातार परिवर्तनशील बना हुआ है. बरसात के चलते जहां लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली है, वहीं उमस ने अब भी लोगों को परेशान कर रखा है. इसी बीच मौसम विभाग ने आज प्रदेश के 7 जिलों में अगले 3 घंटे के दौरान तेज हवाओं के साथ बारिश की चेतावनी जारी की है.
हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन लाल खीचड़ के अनुसार आज यमुनानगर, पंचकूला, अंबाला, जींद, फतेहाबाद, सिरसा और हिसार में बारिश के आसार बने हुए हैं.
इस कारण हुआ मौसम में बदलाव
मौसम विभाग का कहना है कि बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी वाली मानसूनी हवाएं हरियाणा की तरफ बढ़ रही हैं. साथ ही, राजस्थान के ऊपर बना साइक्लोनिक सर्कुलेशन भी सक्रिय है, जिससे अरब सागर से भी नमी युक्त हवाएं प्रदेश की ओर आ रही हैं. अब तक प्रदेश में औसतन 86.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई है, जबकि सामान्यतः इस अवधि में 65.4 मिमी बारिश होती है. इस बार राज्य में सामान्य से 32% अधिक बारिश हुई है. बारिश के कारण तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है.
7 जुलाई तक इन जिलों में होगी बारिश
मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार, 5 जुलाई को पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर और कुरुक्षेत्र में 75 से 100% तक, करनाल, पानीपत, सोनीपत, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, चरखी दादरी, गुरुग्राम, पलवल, नूंह और फरीदाबाद में 50 से 75% तक, जबकि जींद, रोहतक, भिवानी, हिसार और कैथल में 25 से 50% तक बरसात की संभावना बनी हुई है. सिरसा और फतेहाबाद में 25% तक बारिश हो सकती है.
6 जुलाई को पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, हिसार, कैथल, जींद, पानीपत, सोनीपत, करनाल, कुरुक्षेत्र, रोहतक, भिवानी, चरखी दादरी, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, नूंह, सिरसा और फतेहाबाद में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.
इसी तरह 7 जुलाई को भी प्रदेश के लगभग सभी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना बनी हुई है.
