नई दिल्ली | राजधानी दिल्ली- NCR में गर्मी धीरे- धीरे अपने पैर पसारना शुरू कर चुकी है और ठंड की विदाई तय मानी जा रही है. बीते 24 घंटे के दौरान बादलों की आवाजाही बनी हुई थी, जिससे तापमान में 1 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई. अधिकतम तापमान अभी तक 35 डिग्री सेल्सियस पहुंच चुका था, लेकिन अब यह 34 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.
आज से सक्रिय होगा पश्चिमी विक्षोभ
इस बारे में जानकारी देते हुए भारत मौसम विज्ञान विभाग के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर आरके जेनामणि ने बताया कि आज से यहां एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसका असर 13 मार्च से दिखाई देना शुरू हो जाएगा. 13, 14 और 15 मार्च को नोएडा, गाजियाबाद, दिल्ली और गुरुग्राम में बरसात के आसार बनेंगे, लेकिन इसकी मात्रा कम होगी. इस दौरान बादलों की आवाजाही लगी रहेगी. 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चल सकती हैं.
17 मार्च के बाद बदलेगा मौसम
उन्होंने जानकारी दी कि आज 12 मार्च को राजधानी का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस, गाजियाबाद का 33 डिग्री सेल्सियस और गुरुग्राम व नोएडा का 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा सकता है. फिलहाल, रात के तापमान में भी बढ़ोतरी देखने को मिल रही है. राजधानी में आज रात का तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया जा सकता है, जबकि नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम का तापमान 19 से 20 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा सकता है.
12 से 17 मार्च तक पूरे दिल्ली- एनसीआर क्षेत्र में बादलों का आना- जाना लगा रहेगा. इस दौरान ठंडी हवाएं भी चल सकती हैं, जिससे मौसम थोड़ा सुहावना बना रहेगा. वहीं, होली के दिन भी मौसम ठंडा रहने की संभावना है. 17 मार्च के बाद मौसम में बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं.
