हिसार, Haryana Weather Update | मई के महीने की शुरुआत से ही हरियाणा में मौसम ने करवट ली है. एक ओर जहां कुछ समय पहले तक लोग बदन झुलसा देने वाली गर्मी से परेशान थे, लेकिन अब मौसम सुहावना हो चुका है. इससे आम जनता को गर्मी से राहत मिली है. बीते 2 दिनों से हो रही बरसात और आंधी के कारण मौसम खुशनुमा हुआ है. इससे चलते कई जगह पेड़ गिरने, बिजली के खंभे गिरने और बिजली सप्लाई बाधित होने संबंधित जानकारियां सामने आ रही हैं.
कल ऐसा रहा मौसम
कल शुक्रवार को प्रदेश के ज्यादातर जिलों में आंधी के साथ बरसात दर्ज की गई. मीडिया रिपोर्ट से मिली जानकारी के अनुसार, आंधी के कारण प्रदेश भर के 2592 पेड़, 2603 बिजली के खंभे गिरे और 111 ट्रांसफार्मर खराब हो गए. कई जगह 2 से 16 घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही. आंधी और बरसात का प्रभाव ट्रेनों पर भी पड़ा. दिल्ली की तरफ जाने वाली कई गाड़ियां बाधित रही. बीते 24 घंटे के दौरान प्रदेश में 12 एमएम बारिश दर्ज की गई. इसके अलावा, कई जगह ओले गिरने की भी खबरें मिल रही हैं.
आज भी बरसात की संभावना
आज सुबह भी नूंह में बरसात के साथ ओले गिरने की जानकारी सामने आई है. दूसरी तरफ आज सुबह पुनहाना में करीब 10 मिनट तक ओलावृष्टि हुई. फरीदाबाद और पलवल में बारिश शुरू हो चुकी है. गुरुग्राम, चरखी दादरी, नारनौल व झज्जर का आसमान बादलों से ढका हुआ नजर आ रहा है. इसी बीच मौसम विभाग द्वारा आज भी कई इलाकों में बरसात के आसार बताए गए हैं.
विभाग द्वारा जारी अलर्ट के अनुसार, आज पंचकुला, अंबाला, यमुनानगर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, मेवात और पलवल में 25 से 50% बरसात होने की संभावना बनी हुई है. वहीं, बाकी जिलों में 25% तक बारिश होने का अनुमान जताया गया है.
4 और 5 मई को फिर बारिश के आसार
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि 7 मई तक गर्मी से राहत मिली रहेगी. कल 4 मई को पूरे हरियाणा में बरसात के आसार बताए गए हैं. पंचकुला, अंबाला, यमुनानगर में 50 से 75 फीसदी जबकि कुरुक्षेत्र, करनाल, कैथल, पानीपत और सोनीपत में 25 से 50% बरसात होने के आसार बने हुए हैं. बाकी जिलों में 25% तक बारिश की संभावना है. अगले दिन 5 मई को भी पूरे हरियाणा में बारिश का अनुमान जताया गया है. सिरसा, फतेहाबाद, हिसार और जींद में 25% तक बारिश होने की संभावना है. वहीं, बाकी जिलों में 25 से 50% तक बरसात हो सकती है.
