नई दिल्ली, Delhi Weather Update | राजधानी दिल्ली और NCR में बीते कुछ दिनों से गर्मी का प्रकोप तेज हो गया है. जैसे ही लोग घर से बाहर निकलते हैं, माथे पर पसीना आ जाता है. सुबह होते ही सूरज की तपिश लोगों को झुलसा रही है. हालांकि, मौसम विभाग की ताजा जानकारी से लोगों को राहत की उम्मीद जगी है. विभाग का कहना है कि जल्द ही राजधानी का मौसम करवट लेगा और गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है.
आज ऐसा रहेगा मौसम का मिजाज
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, आज 27 मार्च को दिल्ली का अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. एनसीआर के अन्य शहरों में भी गर्मी बनी रहेगी. नोएडा में तापमान 38 डिग्री, गाजियाबाद में 37 डिग्री और गुरुग्राम में 37 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है. भारत मौसम विज्ञान विभाग के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर आरके जेनामणि ने जानकारी दी कि आज 10 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी, जिससे गर्मी का असर थोड़ा कम महसूस हो सकता है.
कल से बदलेगा मौसम
उधर, कल 28 मार्च से 35 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी हवाएं चलनी शुरू हो जाएंगी. इससे तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है. कल दिल्ली का अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. अप्रैल के महीने तक मौसम पूरी तरह साफ रहेगा. इस दौरान हल्की हवाएं चलेंगी और आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी.
