चंडीगढ़ | हरियाणा के मौसम में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने का असर देखने को मिल रहा है. रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है. इनमें से 8 जिले ऐसे हैं, जहां का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से भी नीचे रिकॉर्ड किया गया. हालांकि, दिन के समय धूप निकलने से तापमान में कुछ बढ़ोतरी दर्ज हुई है. कल सोमवार को अंबाला, भिवानी, फरीदाबाद, गुरुग्राम, हिसार और करनाल में दिन का अधिकतम तापमान 24 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया.
आज भी बादल छाने की है संभावना
मौसम विभाग द्वारा आज भी राज्य के कई जिलों में बादल छाने के आसार बताए गए हैं. कल बुधवार से उत्तर और उत्तर- पश्चिमी हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है. इससे रात का तापमान फिर से लुढ़क सकता है. भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, आने वाले दिनों में मौसम साफ रह सकता है, लेकिन 5 मार्च से हवाओं में बदलाव देखने को मिलेगा. उत्तर- पश्चिमी हवाएं चलेंगी, जिससे रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है.
लुढ़केगा रात का पारा
बीते 28 फरवरी को हुई बरसात और ओलावृष्टि के बाद से ही रात के तापमान में गिरावट का दौर जारी है. मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पहाड़ों पर हुई बर्फबारी के कारण उत्तर- पश्चिमी हवाएं चलने से रात के तापमान में और ज्यादा गिरावट हो सकती है. मौसम में आए इस परिवर्तन को देखते हुए विशेषज्ञ गेहूं उत्पादक किसानों को खेतों में पानी इकट्ठा न होने की सलाह दे रहे हैं.
