हिसार | चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉक्टर मदन लाल खीचड़ ने आज 17 अगस्त को मौसम पूर्वानुमान जारी करते हुए बताया कि आमतौर पर 22 अगस्त तक प्रदेश में मौसम परिवर्तनशील रहेगा. इस दौरान मानसून ट्रफ अपनी सामान्य स्थिति से दक्षिण की तरफ जाने की संभावना बनी हुई है. इस कारण मानसूनी हवाओं की सक्रियता में कमी देखी जा सकती है.
आगे ऐसे रहेगा मौसम का मिजाज
इन सबके का चलते अगले तीन से चार दिनों में बारिश की गतिविधियां भी मंद पड़ जाएंगी. इस दौरान राज्य के उत्तरी और दक्षिणी जिलों में कहीं-कहीं हल्की बरसात देखने को मिलेगी. इसके अलावा पश्चिमी हरियाणा के जिलों में कुछ स्थानों पर छिटपुट बूंदाबांदी की संभावना भी बनी हुई है. इस दौरान पूर्वी से उत्तर- पश्चिमी हवाओं में बदलाव देखने को मिलेगा, जिस कारण दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी भी दर्ज की जाएगी. साथ ही वातावरण में नमी की मात्रा में भी गिरावट दर्ज की जा सकती है.
सामान्य से अधिक हुई बरसात
आज भी मौसम विभाग की तरफ से प्रदेश के यमुनानगर, करनाल और पानीपत में भारी बरसात का अलर्ट जारी किया गया था. बता दें कि अगस्त के शुरुआती 10 दिनों में सामान्य से 42% ज्यादा बरसात देखने को मिली है. सामान्यतः इस अवधि के दौरान 53.9 एमएम बारिश दर्ज की जाती है, लेकिन प्रदेश में 76.7 एमएम बारिश हुई.
