भिवानी, Haryana Weather Update | कल सोमवार को प्रदेश के 10 जिलों पानीपत, हिसार, फतेहाबाद, कुरुक्षेत्र, नारनौल, भिवानी, नूंह, गुरुग्राम, झज्जर, रोहतक और रेवाड़ी में अच्छी खासी बरसात देखने को मिली. इससे सड़कों पर लबालब पानी भरा नजर आया. लोगों को गर्मी के साथ- साथ उमस से भी कुछ राहत मिली. यह राहत कुछ ही देर की रही क्योंकि बरसात रुकने के कुछ समय बाद फिर से उमस ने लोगों को परेशान कर दिया.
पूरे राज्य में बारिश का अलर्ट
आज भी मौसम विभाग द्वारा पूरे राज्य में बरसात का अलर्ट जारी किया गया है. विभाग द्वारा आज से प्रदेश में प्री- मानसून बारिश की संभावना जताई गई है. कल हुई बरसात के चलते प्रदेश का अधिकतम तापमान सामान्य से 2.7 डिग्री सेल्सियस नीचे आ गया. विभाग द्वारा दिए गए अपडेट के अनुसार 28 जून तक मानसून पूरे राज्य को कवर कर सकता है. ऐसे में अनुमान लगाया जा रहा है कि आने वाले दिनों में तापमान और ज्यादा नीचे जा सकता है.
कल ऐसा रहा मौसम का मिजाज
जहां एक ओर कई जिलों में तापमान में गिरावट देखने को मिली, वहीं सिरसा जिला 41.6 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ सबसे ज्यादा गर्म रहा. हिसार का तापमान 38.3 डिग्री, जींद का 36.9 डिग्री, अंबाला और चरखी दादरी का 36.8 डिग्री, फरीदाबाद का 36.3 डिग्री, भिवानी का 36.1 डिग्री, सोनीपत का 36 डिग्री, रोहतक का 35.9 डिग्री, करनाल का 35.6 डिग्री और पंचकूला का 34 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.
अगले 3 दिन इन जिलों में होगी बारिश
मौसम विशेषज्ञों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, कल 25 जून को अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, पंचकूला, सोनीपत, करनाल और पानीपत में बरसात के आसार हैं. 26 जून को चंडीगढ़ सहित पूरे राज्य में बरसात की संभावना बनी हुई है. अगले दिन 27 जून को नूंह, पलवल, गुरुग्राम, फरीदाबाद, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, अंबाला, कुरुक्षेत्र, यमुनानगर, कैथल और रोहतक में बरसात के आसार जताए गए हैं.
