हिसार | चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉक्टर मदन लाल खीचड़ ने ताजा मौसम पूर्वानुमान जारी करते हुए बताया कि मानसून टर्फ़ की उत्तरपश्चिमी सीमा इस समय भटिंडा, पटियाला, देहरादून, उत्तरपूर्व अरुणाचल प्रदेश के साथ लगती हिमालय की तलहटियों के आसपास स्थित है. इसके थोड़ा नीचे की तरफ खिसकने से मानसून की गतिविधियों में हल्की बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है.
आज इन जिलों में बारिश की संभावना
इसके कारण हरियाणा में आज 13 अगस्त को उत्तरी इलाकों के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और पश्चिमी व दक्षिणी हरियाणा के जिलों में कहीं- कहीं हल्की बरसात की संभावना बनी हुई है. 14 अगस्त से मानसून टर्फ का दूसरा सिरा उत्तर पूर्वी हिस्से में नीचे बंगाल की खाड़ी की तरफ आने के आसार हैं, जिससे नमी वाली हवाएं आएंगी. 14 से 16 अगस्त के दौरान प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में हवाओं और गरज- चमक के साथ हल्की से मध्यम बरसात की संभावना है. इससे वातावरण में नमी बढ़ेगी और दिन के तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की जा सकती है.
16 अगस्त तक बरसात का अलर्ट
- 14 अगस्त को अंबाला, पंचकूला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र और करनाल में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है, जबकि बाकी जिलों में मौसम साफ रहने की संभावना है.
- 15 अगस्त को अंबाला, पंचकूला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल और पानीपत में बारिश का यलो अलर्ट रहेगा. वहीं, अन्य जिलों में मौसम साफ रहने की उम्मीद है.
- 16 अगस्त को अंबाला, यमुनानगर, सोनीपत, झज्जर, गुरुग्राम और फरीदाबाद में बारिश का यलो अलर्ट है, जबकि बाकी जिलों में मौसम शुष्क और साफ रहने की संभावना जताई गई है.
