चंडीगढ़ | मार्च की शुरुआत में हुई गर्मी से लोगों को राहत मिल चुकी है. बारिश के बाद तापमान में आई गिरावट से सुबह और शाम के समय गुलाबी ठंड का अहसास हो रहा है और आसमान में हल्की बादलवाई देखने को मिल रही है. IMD के अनुसार, आने वाले दो दिन तक हरियाणा, एनसीआर व दिल्ली में एक बार फिर मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा, यहां हल्की बारिश व बूंदाबांदी के साथ 40 से 50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है और कहीं- कहीं ओले भी गिर सकते है.
हरियाणा के कई जिलों हुई बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, आज महेन्द्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, मेवात, पलवल और फरीदाबाद जिलों में अलग- अलग स्थानों में हल्की से मध्यम बारिश हुई है. सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी और चरखी दादरी जिलों में भी हल्की बारिश की हुई है. बारिश के बाद तापमान में ओर गिरावट आई है जिससे ठंड ज्यादा महसूस हुई है.
मौसम विभाग ने लोगों को बदलते मौसम में सावधानियां बरतने की सलाह दी है. इस दौरान खांसी- जुकाम, वायरल इन्फेक्शन, डायरिया जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है इसीलिए अपने आपको बचा कर रखें.
आगे जाने कैसा रहेगा मौसम
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि अगले 3 दिनों तक प्रदेश में एक बार फिर से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा. बिखराव वाली बारिश और तेज गति से हवाएं चलने के आसार हैं. नया कमजोर पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों पर सक्रिय होने से हरियाणा में 22- 23 मार्च के दौरान एक बार फिर से मौसम में आंशिक बदलाव देखने को मिलेगा.
पंजाब से सटे हरियाणा के जिलों में आज सुबह की शुरुआत बारिश के साथ हुई है. हिसार सहित आसपास के कई अन्य जिलों में मध्यम बारिश दर्ज की गई है जिसके बाद तापमान में गिरावट देखने को मिली है. 25 मार्च और उसके बाद 28 मार्च को एक के बाद एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा. इस मौसम में अधिक बारिश, ओलावृष्टि तथा तेज गति हवाएं चलने से गेहूं की फसल को नुकसान पहुंचने की संभावना जताई गई है.
