भिवानी | हरियाणा में मानसून की सक्रियता देखी जा सकती है. लगभग सभी जिलों में बरसात का दौर जारी है. इससे मौसम खुशनुमा बना हुआ है. तापमान में भी काफी गिरावट दर्ज की जा रही है. मौसम विज्ञान विभाग केंद्र चंडीगढ़ द्वारा राज्य भर में 5 जुलाई तक बरसात की संभावना जताई गई है. आज 2 जुलाई को प्रदेश के 3 जिलों अंबाला, पंचकूला और यमुनानगर में 50 से 75% और बाकी 19 जिलों में 25 से 50% तक बरसात के आसार जताए गए हैं.
जून में टूटा रिकॉर्ड
कल मंगलवार को भिवानी, गुरुग्राम, पानीपत, झज्जर, रेवाड़ी, जींद, महेंद्रगढ़, चरखी दादरी और सोनीपत में बरसात देखने को मिली. पिछले जून के महीने में बरसात ने जून 2024 का रिकॉर्ड तोड़ दिया. अब की बार पिछले साल से करीब 3 गुना ज्यादा बरसात देखने को मिली है. आमतौर पर जून के महीने में हरियाणा में 55.3 एमएम बरसात होती है, लेकिन जून 2024 में हरियाणा में 29.3 एमएम बारिश हुई थी. अब की बार जून के महीने में औसतन 82.3 एमएम बरसात रिकार्ड की गई है. वहीं मंगलवार को राज्य का अधिकतम तापमान सामान्य से 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
5 जुलाई तक इन जिलों में होगी बारिश
कल 3 जुलाई को प्रदेश के 6 जिलों पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, करनाल, पानीपत और सोनीपत में 50 से 75% और बाकी जिलों में 25 से 50% तक बरसात के आसार बने हुए हैं. अगले दिन 4 जुलाई को सिरसा, फतेहाबाद, पंचकूला, यमुनानगर, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी में 50 से 75 प्रतिशत, जबकि अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल, जींद, करनाल, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, झज्जर, गुरुग्राम, पलवल, मेवात और फरीदाबाद में 25 से 50% तक बरसात होने के आसार बने हुए हैं. अगले दिन 5 जुलाई को भी राज्य के लगभग सभी जिलों में बारिश की संभावना बनी हुई है.
