चंडीगढ़ | हरियाणा में वीरवार देर रात से मौसम परिवर्तनशील हो चुका है. यहां प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में बारिश हो रही है. राज्य में सिरसा की ओर से पश्चिमी विक्षोभ की एंट्री हुई है जिसके कारण रात से ही सिरसा व आसपास के जिलों में तेज हवाओं और गरज- चमक के साथ बरसात हुई है. सिरसा में कई जगहों पर ओले गिरने की खबर सामने आई है.

हरियाणा में ओले गिरने की संभावना
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि 25 जनवरी तक प्रदेश में बारिश की संभावना बनी हुई है. पश्चिमी विक्षोभ के कारण कई जिलों में मौसम परिवर्तनशील रहेगा. अगले 48 घंटों तक तेज बारिश के साथ ओले गिर सकते हैं.
उन्होंने बताया कि 24 जनवरी का रात से एक अन्य पश्चिमी विक्षोभ के आने की भी आशंका है, जिससे 25 जनवरी से अधिकतर जिलों में बारिश की संभावना बन रही है. इससे रात का तापमान सामान्य से ज्यादा रहने और दिन के तापमान में बदलाव की संभावना नहीं है.
इन इलाकों में बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों में नरवाना, राजौंद, असंध, सफीदों, जींद, पानीपत, गोहाना, गन्नौर, सोनीपत, रोहतक, खरखौदा, मातनहेल, झज्जर और फरुखनगर में मध्यम गरज और बिजली (40- 60 किमी/ घंटा तेज़ हवाएं) के साथ मध्यम वर्षा होने की संभावना जताई है.