चंडीगढ़ | हरियाणा में मार्च महीने की शुरुआत गर्मी के साथ हुई है. आने वाले दिनों में धूप के तीखे तेवर होने वाले है, हालांकि सुबह के समय हल्की ठंड बरकरार है. मौसम विभाग के अनुसार मार्च महीने में मौसम में कई बार बदलाव होने की संभावना है. नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से कही-कही बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती है.
हरियाणा में आने वाले दिनों में बड़ा बदलाव
मार्च के पहले ही दिन राज्य के 9 शहरों का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से अधिक चला गया है. कई शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस का आंकड़ा पार कर चुका है. मार्च में अधिकतम औसत तापमान 32 डिग्री रहता है, जो अब 35 से 38 डिग्री के बीच रह सकता है और न्यूनतम तापमान 14 डिग्री के आसपास रहेगा.
नया पश्चिमी विक्षोभ होगा सक्रिय
मौसम विभाग के अनुसार हरियाणा में आने वाले दिनों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है. 4 मार्च की रात से नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा जिससे राज्य के उत्तरी हिस्सों में बूंदाबांदी की संभावना है. इसके बाद, तापमान में उतार- चढ़ाव देखने को मिल सकता है. 8 से 9 मार्च के बीच एक ओर पश्चिमी विक्षोभ के कारण तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है.
मौसम विशेषज्ञों की मानें तो मार्च महीने में 5 से 6 पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होंगे, जिससे तापमान में भारी उतार- चढ़ाव देखने को मिलेगा. इन 5 से 6 विक्षोभों में से 3 ऐसे होंगे जो तेज हवाओं और आंधी के साथ बारिश लाएंगे मतलब पश्चिमी हरियाणा और दक्षिणी हिस्सों में सामान्य से अधिक बारिश होने की संभावना है.
