चंडीगढ़ | हरियाणा की नायब सैनी सरकार गांवों में शहरों की तर्ज पर कालोनियां विकसित कर प्लाट बेचेगी. इस प्रोजेक्ट की शुरुआत पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री कृष्णलाल पंवार के विधानसभा क्षेत्र पानीपत के इसराना से होगी. इसे पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर लिया जाएगा और इसके लिए पंचायत की 56 एकड़ जमीन को चयनित किया गया है. इस कॉलोनी को शहरों की तर्ज पर आधुनिक सुविधाओं के साथ विकसित किया जाएगा. प्लाटों की बिक्री हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) की तर्ज पर होगी.
क्या है सरकार की योजना?
पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने बताया कि इससे पहले वे हाउसिंग बोर्ड के जरिए यह प्रयोग कर चुके हैं. जब वे बोर्ड में चेयरमैन थे तो अपने कार्यकाल में उन्होंने इसराना विधानसभा क्षेत्र में हाउसिंग बोर्ड से मकान बनवाए थे. तब वह योजना सफल रही थी. इसलिए जिन गांवों में जहां जमीन उपलब्ध होगी, वहां पर शहरी सुविधाओं वाले प्लाट काटकर बेचने की योजना बनाई गई है.
योजना के पीछे सरकार का मकसद
हरियाणा सरकार का कहना है कि इस फैसले से गांवों का विकास होगा. बड़ी कॉलोनियां विकसित होने से गांवों में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे. लोगों को शहरों जैसी मूलभूत सुविधाएं गांवों में मिलेंगी. इससे गांवों से शहरों की ओर से पलायन पर ठहराव लगेगा.
वहीं, गांवों में शहरों जैसी कॉलोनियों के कटने से लोगों को धोखाधड़ी से छुटकारा मिलेगा. अभी प्राइवेट कॉलोनाइजर्स के जरिए काटी गई कॉलोनियों में लोग प्लाट ले रहे हैं. इसमें लोगों के साथ कई बार फ्रॉड भी हो जाता है. ऐसे कई मामलों की शिकायतें सरकार के पास पहुंच रही हैं. चूंकि, इस योजना में सरकार पूरी तरह से शामिल होगी तो ऐसे में जवाबदेही सरकार की होगी. इस योजना के जरिए लोगों को सस्ती दरों पर प्लाट मिलेंगे.
आधुनिक सुविधाओं से लैस होगी कालोनियां
हरियाणा के गांवों में विकसित होने वाली ये कालोनी पूरी तरह से वैध होगी. ऐसे में इन कॉलोनियों के नक्शे स्वीकृत होंगे तो बैंक से लोन लेने में आसानी रहेगी. वहीं, सड़क, सीवरेज, पानी, स्ट्रीट लाइट जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएगी. इन कॉलोनियों में सरकार के द्वारा पक्की गलियां, पानी की लाइन, सीवर लाइन, पार्क, सामुदायिक भवन जैसी सुविधाएं भी रहेंगी. इसके विपरित अवैध कॉलोनियों में स्थानीय लोगों को सरकार की तरफ से कोई सुविधा नहीं मिल पाती है.
अभी योजना से जुड़ी सारी चीजें फाइनल नहीं हुई है. लेकिन हमारा प्रयास है कि जल्द से जल्द इस योजना पर काम शुरू कर दिया जाएं- पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री, कृष्ण लाल पंवार
