नई दिल्ली | केंद्र की मोदी सरकार किसानों को आर्थिक रूप से समृद्ध बनाने के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं चला रही है. देश के करोड़ों किसानों को इन योजनाओं का लाभ भी मिल रहा है. किसानों को आर्थिक लाभ देने के लिए केंद्र सरकार ने साल 2019 में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना (PM Kisan Samman Nidhi Yojana) की शुरुआत की थी, जिसके तहत किसानों को प्रत्येक वर्ष तीन किश्तों में 6 हजार रूपए की आर्थिक मदद दी जा रही है.
स्टार्टअप शुरू करने के लिए मिलेगी वित्तीय सहायता
अब केंद्र सरकार ने देश के किसानों को एक और नई योजना की सौगात दी है. केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पिछले साल इस योजना को लांच किया था. एग्रीश्योर नाम की इस योजना में स्टार्टअप करने वाले किसानों को वित्तीय सहायता प्रदान की जाती है और सरकार ने इस योजना के लिए अलग से बजट भी तय किया है.
एग्रीश्योर योजना का पूरा नाम एग्रीकल्चर फंड फॉर स्टार्टअप एंड रूरल एंटरप्राइजेज है. इस योजना को कृषि और ग्रामीण क्षेत्रों में अलग- अलग तकनीक और इनोवेशन को बढ़ावा देने के लिए शुरू किया गया है. अगर कोई किसान कृषि क्षेत्र में स्टार्टअप खोलना चाहता है, तो सरकार की ओर से उसे आर्थिक सहायता का लाभ मिलेगा.
750 करोड़ रूपए का फंड
भारत सरकार के कृषि मंत्रालय और राष्ट्रीय कृषि तथा ग्रामीण विकास बैंक इन सभी ने मिलकर इस फंड की शुरुआत की है. यह कुल 750 करोड़ रुपये का फंड है, जिससे युवाओं के बीच कृषि क्षेत्र में आय अर्जित करने के नए अवसर पैदा किए जाएंगे.
केंद्र सरकार द्वारा शुरू की गई एग्रीश्योर योजना के तहत, स्टार्टअप्स शुरू करने के लिए 25 करोड़ रुपये तक का निवेश मिल सकता है. यदि कोई भी किसान एग्रीश्योर योजना का लाभ उठाना चाहता है, तो वह राष्ट्रीय कृषि और ग्रामीण विकास बैंक यानि नाबार्ड के निवेश प्रबंधक से संपर्क कर सकता है या फिर इसके लिए [email protected] पर मेल भी किया जा सकता है.
