केन्द्रीय विश्वविद्यालय महेन्द्रगढ़ में EV चार्जिंग स्टेशन शुरू, इस ऐप के जरिए उठाएं सुविधा का लाभ

महेन्द्रगढ़ | हरियाणा केन्द्रीय विश्वविद्यालय महेन्द्रगढ़ में इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) चार्जिंग स्टेशन का उद्घाटन किया गया है. सौर ऊर्जा से संचालित इस चार्जिंग स्टेशन के उद्घाटन अवसर पर विश्वविद्यालय कुलपति प्रो टंकेश्वर कुमार ने कहा कि महेन्द्रगढ़ व साथ लगते क्षेत्र में इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए चार्जिंग सुविधा विश्वविद्यालय परिसर में उपलब्ध हो गई है. कोई भी व्यक्ति इस सुविधा का लाभ उठा सकता है.

ev charging

विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) नई दिल्ली द्वारा प्रदान स्टार्टअप ग्रांट के अन्तर्गत स्थापित इस चार्जिंग स्टेशन पर एक समय में तीन वाहनों को चार्ज करने की सुविधा होगी. विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग विभाग के प्रमुख डॉ राजेश कुमार दुबे ने बताया कि यह चार्जिंग स्टेशन पूरी तरह से सौर ऊर्जा संचालित है और संभवतः यह जिले का अपनी तरह का पहला सोलर एनर्जी पर केंद्रित चार्जिंग स्टेशन है.

इस सुविधा के अन्तर्गत उपलब्ध होने वाली उर्जा के प्रति यूनिट खर्च बाजार की अपेक्षा काफी सस्ता रहेगा. इंजिनियरिंग विभाग की सहायक आचार्य डॉ कल्पना चौहान ने बताया कि इस प्रोजेक्ट से स्टूडेंट्स व शोधार्थी दोनों को लाभ मिलेगा. यह चार्जिंग स्टेशन पूरी तरह से ईवी फास्ट ऐप के माध्यम से काम करेगा. कोई भी इच्छुक इस ऐप की मदद से इस सुविधा का लाभ उठा सकता है.

यह भी पढ़े -  हरियाणा में राशनकार्ड धारकों के लिए जरूरी खबर, गेहूं वितरण से जुड़ी ताजा अपडेट आई सामने

उन्होंने बताया कि इस ऐप के माध्यम से ही चार्जिंग स्टेशन पर चार्जिंग की सुविधा और उसके एवज में होने वाला भुगतान संभव होगा. कोई भी इच्छुक विश्वविद्यालय परिसर में आकर इस सुविधा का लाभ उठा सकता है. वहीं चार्जिंग पर आने वाले खर्च की बात करें तो विश्वविद्यालय में 7 रूपए 50 पैसे प्रति यूनिट के हिसाब से भुगतान करना होगा.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.