नई दिल्ली | केंद्र सरकार के मंत्रालयों और विभागों में नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है. कर्मचारी चयन आयोग (SSC) ने संयुक्त उच्चतर माध्यमिक स्तर परीक्षा (CHSL) की आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है. इस भर्ती अभियान के जरिए देशभर में करीब 2536 संभावित पदों को भरा जाएगा. चयनित अभ्यर्थियों को लोअर डिवीजन क्लर्क, जूनियर असिस्टेंट और डाटा एंट्री ऑपरेटर समेत विभिन्न पदों पर नियुक्ति मिलेगी. SSC CHSL के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 07 सितंबर से शुरू हो गई है.
इच्छुक अभ्यर्थी 07 अक्टूबर को रात 11 बजे तक अपना फॉर्म जमा कर सकते हैं. आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तारीख 08 अक्टूबर निर्धारित की गई है. अगर फॉर्म में किसी तरह का बदलाव करना है तो 14 से 16 अक्टूबर 2026 तक आवेदन में सुधार का मौका मिलेगा.
12वीं पास होना जरूरी
इस भर्ती में शामिल होने के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12वीं कक्षा उत्तीर्ण होना जरूरी है. आयु की गणना 01 अगस्त 2026 के आधार पर होगी. इस तारीख तक अभ्यर्थी की उम्र कम से कम 18 वर्ष और अधिकतम 27 वर्ष होनी चाहिए. SC, ST, OBC और दिव्यांग वर्ग को नियमों के अनुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी.
Advisory to Candidates and Exam Functionaries for Computer Based Examinations of SSC pic.twitter.com/z8IG2izRWy
— Staff Selection Commission (@SSCorg__in) September 7, 2026
सामान्य, OBC और EWS श्रेणी के पुरुष अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क 100 रुपये रखा गया है. वहीं, महिला उम्मीदवारों के साथ SC, ST, दिव्यांग और पूर्व सैनिक अभ्यर्थियों को आवेदन शुल्क नहीं देना होगा.
ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन
अभ्यर्थियों को SSC की नई आधिकारिक वेबसाइट के जरिए आवेदन करना होगा. पहली बार फॉर्म भरने वालों के लिए One Time Registration (OTR) पूरा करना जरूरी है. बता दें कि आयोग ने उम्मीदवारों को अंतिम तारीख का इंतजार न करने और समय रहते आवेदन करने की सलाह दी है, ताकि आखिरी समय में वेबसाइट या तकनीकी समस्या आने पर परेशानी से बचा जा सके.
