चंडीगढ़ | हरियाणा में बुनियादी ढांचे से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट अब आगे बढ़ेंगे. मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में हुई हाई पॉवर्ड वर्क्स परचेज कमेटी (HPWPC) की बैठक में अलग- अलग जिलों के विकास कार्यों से जुड़े प्रस्तावों को मंजूरी दी गई. इन परियोजनाओं में पेयजल, सीवरेज, सड़क, बिजली और रोड सेफ्टी से संबंधित काम शामिल हैं. सोनीपत जिले में मछरोला और जज्ञ्जल में रेनी वेल एवं एमबीएस के निर्माण को मंजूरी मिली है.
बेगा से शाहपुर तगा तक राइजिंग मेन लाइन बिछाई जाएगी. जिले में 10 एमएलडी क्षमता का एक और रेनी वेल भी तैयार किया जाएगा. फरीदाबाद के सेक्टर-89 में सड़क निर्माण के साथ जलापूर्ति पाइपलाइन और सीवरेज लाइन से जुड़े कार्य होंगे.
सीवरेज के काम
यहां वर्षा जल संचयन प्रणाली भी विकसित की जाएगी. वहीं, गुरुग्राम में सेक्टर-77 से 80 तक मास्टर सीवर लाइन और मैनहोल बनाने का काम किया जाएगा. हिसार के इंटीग्रेटेड एविएशन हब से जुड़ी बिजली व्यवस्था में भी बदलाव किया जाएगा. इसके लिए 132 केवी डबल सर्किट ट्रांसमिशन लाइनों को भूमिगत केबल से शिफ्ट किया जाएगा. इससे प्रस्तावित एविएशन हब के लिए जरूरी बुनियादी ढांचे को विकसित करने में मदद मिलेगी.
हरियाणा में बुनियादी ढांचे को मिलेगी नई रफ़्तार
मुख्यमंत्री श्री @NayabSainiBJP की अध्यक्षता में हाई पॉवर्ड वर्क्स परचेज कमेटी (HPWPC) की बैठक में विभिन्न विकास कार्यों के प्रस्तावों को मंजूरी प्रदान की गई। pic.twitter.com/kgbPd3p4JT
— CMO Haryana (@cmohry) September 9, 2026
9 गांवों में सुधरेगी व्यवस्था
पानीपत के 9 गांवों में पाइपलाइन, आईपीएस, एसटीपी, सीवर लाइन, मैनहोल, एफएचटीसी और सीवर कनेक्शन से जुड़े कार्य कराए जाएंगे. इसके साथ ही समालखा में 2 नए एसटीपी स्थापित किए जाएंगे. केएमपी पर सड़क सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए रोड मार्किंग, साइन बोर्ड और कैट आईज के वार्षिक रखरखाव का काम भी प्रस्तावों में शामिल किया गया है.
