महिला विश्व मुक्केबाजी चैंपियनशिप में हरियाणा की छोरियों ने दिखाया दम, दो बेटियों ने जीते गोल्ड मेडल

चंडीगढ़ | महिला विश्व मुक्केबाजी चैंपियनशिप में हरियाणा की छोरियों के मुक्कों ने विरोधी खिलाड़ियों को चारों खाने चित कर दिया. हरियाणा की छोरियों ने दिखा दिया है कि वो किसी भी मामले में छोरों से कम नहीं है. पहले नीतू घणघस और फिर स्वीटी बूरा ने फाइनल मैच जीतते हुए गोल्ड मेडल जीतकर हरियाणा और हिंदुस्तान का नाम रोशन किया. नीतू घणघस भिवानी जिले के गांव धनाना की रहने वाली है तो वहीं स्वीटी बूरा हिसार जिले के घिराय गांव की बेटी है. दोनों बेटियों के गोल्ड मेडल जीतने पर परिजनों की खुशियों का ठिकाना नहीं रहा है.

Women World Boxing Championships 2023

नीतू घणघस ने दिलाया हिंदुस्तान को पहला गोल्ड

45- 48 किलोग्राम भारवर्ग में नीतू घणघस का फाइनल मुकाबला मंगोलिया की लुत्शेखान अल्तांतसेग के साथ था. इस मुकाबले में नीतू ने अपने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए मंगोलिया की मुक्केबाज को 5- 0 से हराते हुए गोल्ड मेडल हासिल किया. बता दें कि पिछले साल कॉमनवेल्थ गेम्स में भी नीतू घणघस ने गोल्ड मेडल जीतकर हिंदुस्तान और हरियाणा का गौरव बढ़ाया था.

यह भी पढ़े -  BPL परिवारों के लिए हरियाणा सरकार देगी सौगात, राशन के साथ मिलेगा कुछ खास

स्वीटी बूरा ने दिखाया दम

81 किलोग्राम भारवर्ग में स्वीटी बूरा ने चीन की वैंग लीना को हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया. स्वीटी ने ये मुकाबला 4-3 के स्प्लिट डिसिजन से जीता. स्वीटी ने पहले राउंड में ही चीनी मुक्केबाज के चेहरे पर जोरदार पंचों की बरसात कर दी और 3- 2 से पहला राउंड जीत लिया.


दूसरे राउंड में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वीटी ने 3- 2 के अंतर से जीत हासिल की. इससे पहले स्वीटी बूरा ने नौ साल पहले इसी प्रतियोगिता में सिल्वर मेडल जीता था लेकिन इस बार उन्होंने कड़ी मेहनत करते हुए पदक के रंग को सिल्वर से गोल्ड में बदलते हुए नया इतिहास रच दिया.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.