रेवाड़ी | हरियाणा के रेवाड़ी में बड़ी बहन के बारे में की गई अश्लील टिप्पणी की वजह से दसवीं के छात्र ने खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली. इस आग में छात्र पूरी तरह से झुलस गया. उसे तुरंत दिल्ली के सफदजंग अस्पताल में भर्ती करवाया गया. जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
छात्र ने इलाज के दौरान दम तोड़ा
पुलिस ने उपचार के दौरान छात्र का बयान दर्ज कर लिया था. पुलिस द्वारा मुकदमा दर्ज करके कार्यवाही शुरू कर दी गई है. पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि शहर के एक मोहल्ला निवासी दसवीं कक्षा का छात्र 15 जनवरी की शाम को नारनौल रोड स्थित पेट्रोल पंप से पेट्रोल खरीद कर लेकर आता है.
रास्ते में रामपुरा मोड निवासी रोहित ने उसे रोक लिया. रोहित उसकी बड़ी बहन के बारे में अश्लील टिप्पणी करने लगा. बहन के बारे में अश्लील शब्दों का इस्तेमाल करने से खफा छात्र ने घर आकर पेट्रोल डालकर स्वयं को आग लगा ली. जिसकी वजह से छात्र पूरी तरह आग मे झुलस गया. परिजनों द्वारा उपचार के लिए ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया था. जहां से उसे रेफर कर दिल्ली भेज दिया गया.
तुरंत सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
इस मामले की जैसे ही सूचना पुलिस को मिली,पुलिस अस्पताल पहुंच गई. पुलिस ने छात्र का बयान दर्ज किया. छात्र ने बताया कि रोहित ने उसकी बहन के बारे में अपनी टिप्पणी की जिसकी वजह से वह आत्महत्या करने के लिए मजबूर हो गया. हालत गंभीर होने के वजह से उसे दिल्ली के अस्पताल में भर्ती करवाया गया था. सोमवार को छात्र की इलाज के दौरान मौत हो गई. पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया. पुलिस ने रोहित के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
