यमुनानगर | हरियाणा के जिला यमुनानगर में ट्रैफिक SHO रामपाल को राष्ट्रपति उनकी योग्यता, ईमानदारी, कड़ी मेहनत और समर्पण के लिए सम्मानित करेंगीं. रामपाल ने बताया कि जो लोग मेहनत और ईमानदारी से अपना कर्तव्य निभाते हैं, उन्हें एक न एक दिन फल जरूर मिलता है. रामपाल पहले ट्रैफिक SHO, पुलिस मुख्यालय, कमांडो और विभिन्न पुलिस स्टेशनों में SHO के पदों पर भी महत्वपूर्ण योगदान दे चुके हैं.
परिस्थितियों से कभी नहीं घबराए
रामपाल ने बताया कि चंडीगढ़ और पंचकूला की तुलना में यमुनानगर में लोग ट्रैफिक नियमों को लेकर इतने जागरूक नहीं हैं लेकिन चैकिंग और गश्त के दौरान मिलने वाले सभी नागरिकों को वह यातायात नियमों के फायदे और नुकसान दोनों समझाते रहते हैं. रामपाल अपनी हर जिम्मेदारी को बखूबी निभाते हैं. परिस्थितियाँ कैसी भी हों, रामपाल ने कभी अपना धैर्य नहीं खोया. वह कभी भी कर्तव्य से पीछे नहीं हटे और पुलिस विभाग के सभी नियमों और विनियमों का ईमानदारी से पालन करते थे.
12 कर्मचारियों को मिलेगा सम्मान
इसके अलावा, रामपाल समय- समय पर अन्य पुलिसकर्मियों का हौसला बढ़ाने का काम भी करते रहते हैं. रामपाल ने बताया कि जैसे ही उन्हें पता चला कि उन्हें राष्ट्रपति सम्मानित करेंगे तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा. रामपाल ने इसका श्रेय अपने वरिष्ठ अधिकारियों को दिया और कहा कि वरिष्ठ अधिकारियों ने इस सम्मान के लिए पूरे हरियाणा से 12 कर्मचारियों के नाम का चयन किया है.
