चंडीगढ़ | हरियाणा के कई जिलों में बाढ़ से प्रभावित किसानों के लिए खुशखबरी सामने आई है. बाढ़ से खराब हुई फसलों के मुआवजे का इंतजार कर रहे इन किसानों को सरकार (Haryana Govt) की ओर से शुभ समाचार मिला है. बता दें कि सूबे के करीब 1.41 लाख किसान पिछले लगभग पांच महीने से फसल मुआवजा राशि का इंतजार कर रहे हैं.
मिली जानकारी के अनुसार, प्रदेश सरकार दिसंबर महीने में इन किसानों को मुआवजा राशि वितरित करने की तैयारी कर रही है. पहले उन किसानों को मुआवजा राशि मिलेगी जो फिर से धान की रोपाई नहीं कर पाए थे. वहीं, जिन किसानों ने दोबारा धान की रोपाई कर दी थी उन्हें इन किसानों के दस दिन बाद 7 हजार रूपए प्रति एकड़ के हिसाब से मुआवजा दिया जाएगा.
क्रॉस चेकिंग जारी
खरीफ सत्र में मंडियों में बेचे गए धान व किल्ला नंबर की क्रॉस चेकिंग का कार्य 16 से 30 नवंबर तक पूरा कर लिया गया है. अब फसल बीमा कराने वाले किसानों के नाम व किल्ला नंबर की क्रॉस चेकिंग जारी है. जिसके जल्द ही पूरे होने की उम्मीद है.
यह चेकिंग इस लिए जरूरी है ताकि बीमा कराने वाले किसानों को कंपनी से मुआवजा मिल सके. बिना फसल बीमा वाले किसानों को सरकार मुआवजा देगी. 100% फसल खराबे पर किसानों को प्रति एकड़ 15 हजार रूपए मुआवजा राशि दी जाएगी.
