नई दिल्ली | BJP सांसद एवं पूर्व WFI अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के करीबी संजय सिंह (Sanjay Singh) भारतीय कुश्ती संघ (Indian Wrestling Association) के अध्यक्ष का चुनाव जीत गए हैं. उन्होंने अपनी प्रतिद्वंदी कामनवेल्थ गेम्स की गोल्ड मेडलिस्ट रही हरियाणा की पहलवान अनीता श्योराण को शिकस्त दी है. इससे पहले बृजभूषण शरण सिंह ने भी दावा किया था कि कुश्ती संघ के अध्यक्ष संजय सिंह ही बनेंगे.
ऐसे में भारतीय कुश्ती में अप्रत्यक्ष तौर पर ही सही, एक बार फिर बृजभूषण का दबदबा बरकरार रहेगा. बता दें कि 21 दिसंबर को कुश्ती महासंघ के चुनाव हुए और इसके तुरंत बाद आए परिणाम में संजय के नाम पर मुहर लग गई.
WFI के नए अध्यक्ष संजय सिंह उत्तर प्रदेश के कुश्ती संघ और राष्ट्रीय कुश्ती संघ दोनों में पदाधिकारी रहे हैं. साल 2019 में भारतीय कुश्ती संघ की कार्यकारी कमिटी में संयुक्त सचिव चुने गए थे. वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के चंदौली के रहने वाले हैं. वह 2008 में वाराणसी कुश्ती संघ के जिला अध्यक्ष बने थे. उन्हें बृजभूषण सिंह का करीबी सहयोगी भी माना जाता है.
वहीं बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ यौन उत्पीडन के आरोप लगाने वाली महिला रेसलर्स ने आज शाम 4 बजे दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई है. विनेश फोगाट ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है. हालांकि, इसका एजेंडा क्या रहेगा वो नहीं बताया गया है लेकिन कहा जा रहा है कि ये महिला पहलवान WFI के नए अध्यक्ष संजय सिंह का विरोध कर सकते हैं.
