हरियाणा में किसानों के लिए खुशखबरी, मंडियों में एंट्री के लिए अब गेट पर नहीं करना पड़ेगा इंतजार

चंडीगढ़ | हरियाणा में किसानों के लिए एक राहत भरी खबर सामने आई है. धान सहित अन्य खरीफ फसलों की सरकारी खरीद के लिए इस बार किसानों को मंडी गेट पास के लिए लाइनों में खड़े होकर इंतजार नहीं करना पड़ेगा. हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड (HSAMB) द्वारा किसानों को एक नए मोबाइल ऐप से डिजिटल गेट पास जारी करने की प्रक्रिया आरंभ की गई है. इससे अब किसान अपनी फसल का मंडी गेट पास स्वयं घर बैठे बना सकेंगे.

Kisan Fasal

घर बैठे बनेगा गेट पास

अभी तक गेट पास के लिए मंडी में फसल लेकर पहुंचने वाले किसानों को गेट पर इंतजार करना पड़ता था. इस असुविधा से किसानों को बचाने के लिए इस बार मंडी में गेट पास लेने के लिए HSAMB ने एक नई व्यवस्था की है, जिसके अंतर्गत किसान अपनी फसल का मोबाइल ऐप द्वारा स्वयं ही घर बैठे आसानी से डिजिटल गेट पास बना सकेंगे और इसे डाउनलोड कर सकेंगे. इसके बाद, उन्हें मंडी गेट पर अन्य गेट पास प्राप्त करने की आवश्यकता नहीं रहेगी.

कागजी कार्रवाई होगी कम

एक सरकारी अधिकारी ने बताया कि किसानों द्वारा डिजिटल गेट पास प्राप्त करने की प्रक्रिया के तहत किसान एंड्रॉयड ई- खरीद मोबाइल ऐप्लीकेशन अथवा वेबसाइट/ पोर्टल (ekharid.haryana.gov.in) द्वारा अपना मंडी गेट पास स्वयं बना सकेंगे.

यह भी पढ़े -  HSSC ने CET अभ्यर्थियों को दी बड़ी राहत, दोबारा शुरू हुई बायोमेट्रिक सत्यापन प्रक्रिया

इस ऐप से वे अपनी उपज का गेट पास काटने और उससे संबंधित जानकारी सीधे अपनी ई- खरीद ऐप पर भी प्राप्त कर सकेंगे, जिससे देरी और कागजी कार्रवाई कम हो जाएगी.

गेट पास की मिलेगी सुविधा

इस ऐप के माध्यम से किसान भविष्य में किसी भी समय अपने गेट पास, जे फार्म या भुगतान का विवरण देख सकते हैं. अपनी पसंद की मंडी और अपनी उपज लाने की तारीख का चयन करके अपने पंजीकृत और सत्यापित कृषि उपज के लिए गेट पास बना सकते हैं.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.