कैथल | हरियाणा में लगातार तीसरी बार भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सरकार बनाने पर सूबे की जनता का आभार व्यक्त करने के लिए मुख्यमंत्री नायब सैनी (Nayab Singh Saini) सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों में धन्यवादी दौरे कर रहे हैं. इसी कड़ी में CM वीरवार को कैथल जिले की पूंडरी विधानसभा क्षेत्र में क्षेत्र पहुंचे. यहां उन्होंने हल्के के विकास के लिए कई बड़ी घोषणाएं की.
पूंडरी को मिलेगा उपमंडल का दर्जा
धन्यवाद रैली को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नायब सैनी ने पूंडरी हल्के के लिए बड़ी घोषणा की. उन्होंने कहा कि पूंडरी को जल्द ही उपमंडल का दर्जा दिया जाएगा. राज्य सरकार द्वारा उपमंडल या जिला घोषित करने के संबंध में कमेटी गठित की हुई है और पूंडरी को उपमंडल बनाने के संबंध में कमेटी के पास आवेदन प्रस्तुत किया गया है. जैसे ही कमेटी की रिपोर्ट आएगी, उसके बाद इसे उपमंडल का दर्जा दिया जाएगा.
मुख्यमंत्री ने दी बड़ी सौगातें
रैली को संबोधित करते हुए सीएम नायब सैनी ने कहा कि पूंडरी हलके में पांच करोड़ रुपये की लागत से स्कूलों के पुराने भवनों की मरम्मत और नवीनीकरण किया जाएगा. गांव फतेहपुर और बदनारा में भूमि उपलब्धता के आधार पर हेल्थ सेंटर का निर्माण किया जाएगा. उन्होंने मंडी बोर्ड की सड़कों की मरम्मत के लिए 5 करोड़ रुपये तथा लोक निर्माण विभाग की सड़कों की मरम्मत और सुदृढ़ीकरण के लिए 10 करोड़ रुपये की राशि देने की भी घोषणा की.
ऋषि पुंडरीक जी की तपोस्थली पूंडरी विधानसभा के अपने परिवारजनों को दोनों हाथ जोड़कर राम-राम किया और उनका धन्यवाद किया।
पूंडरी विधानसभा की म्हारा हरियाणा-नॉन स्टॉप हरियाणा धन्यवाद रैली हलके के विकास को नई गति, नई दिशा देने के साथ ही क्षेत्र के मेरे परिवारजनों के जीवन में सकारात्मक… pic.twitter.com/smtXVRD0Oz
— Nayab Saini (@NayabSainiBJP) December 19, 2024
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि सांच गांव में राजकीय हाई स्कूल को सीनियर सेकेंडरी स्कूल में अपग्रेड किया जाएगा. इसके अलावा उन्होंने पूंडरी हल्के में विकास कार्यों के लिए अलग से 5 करोड़ रूपए की धनराशि देने का ऐलान किया. सीएम ने कहा कि हमारी सरकार नॉन- स्टॉप हरियाणा के विकास के लिए बिना किसी भेदभाव के सभी हलकों में समान रूप से काम करेगी.
