भ्रष्ट पटवारियों की लिस्ट पर सस्पेंस बरकरार, हरियाणा सरकार भी अनजान; CM सैनी के बयान से बढ़ी हलचल

कैथल | हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी (Nayab Singh Saini) ने कहा कि भ्रष्ट पटवारियों की सूची कहां से और कैसे जारी हुई, इस पर फिलहाल कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी. सरकार इस सूची की जांच कर रही है और जीरो टॉलरेंस नीति के तहत पारदर्शिता व ईमानदारी से अपना काम कर रही है. दरअसल, CM रविवार को भाजपा के जिला कार्यालय कपिल कमल में प्रधानमंत्री के “मन की बात” कार्यक्रम में शामिल होने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे.

CM Nayab Singh Saini

प्रत्याशियों को दी शुभकामनाएं

इस दौरान मुख्यमंत्री ने हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी (HSGPC) के चुनावों में हिस्सा लेने वाले सभी प्रत्याशियों को शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि नई कमेटी धार्मिक कामों को मजबूती देगी और सामाजिक एकता व सद्भाव को आगे बढ़ाएगी. मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में बिना नाम लिए विपक्ष और कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला पर जुबानी हमला किया.

उन्होंने कहा कि विपक्षी नेता चुनाव से पहले जनता को बड़े- बड़े सपने दिखा रहे थे, लेकिन जनता ने उन्हें पूरी तरह नकार दिया. ये नेता जनता को बरगलाते हैं, यहाँ तक कि नौकरियों के रिजल्ट को भी रोकने की कोशिश करते हैं.

5वीं विधानसभा सीट बनाने के दिए संकेत

दूसरी तरफ मुख्यमंत्री ने कैथल जिले की विधानसभा सीटों पर भाजपा की स्थिति का जिक्र करते हुए कार्यकर्ताओं को भविष्य में और मेहनत करने का आह्वान किया मुख्यमंत्री ने कहा कि कैथल जिले में चार विधानसभा सीटें हैं, जिनमें से इस चुनाव में भाजपा को केवल पूंडरी सीट पर जीत मिली. आगामी चुनावों में चारों सीटें जीतनी होंगी. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जिले में पांचवीं विधानसभा सीट की मांग उठाई, जिस पर मुख्यमंत्री ने सकारात्मक संकेत दिए.

Avatar of Nisha Tanwar
Nisha Tanwar
View all posts