फरीदाबाद | हरियाणा के फरीदाबाद जिले में आज से 38वें इंटरनेशनल सूरजकुंड हस्तशिल्प मेले की शुरुआत हो रही है, जिसका उद्घाटन केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत करेंगे. इस दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी मौजूद रहेंगे. इस बार ओडिशा और मध्य प्रदेश थीम स्टेट होंगे. 23 फरवरी 2025 तक चलने वाले इस भव्य मेले में 42 देशों के 648 प्रतिभागी हिस्सा लेंगे. इनमें मिस्र, इथियोपिया, सीरिया, अफगानिस्तान, बेलारूस, म्यांमार और बंगाल की खाड़ी बहु-क्षेत्रीय तकनीकी और आर्थिक सहयोग पहल (BIMSTEC) के सदस्य देश शामिल हैं.
सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे मुख्य आकर्षण
मेले में देसी कलाकारों के साथ-साथ विदेशी कलाकार और हस्तशिल्पकार भी अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे. यहाँ आने वाले लोगों के मनोरंजन के लिए लोक कलाएं, विभिन्न व्यंजन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा. देश के अलग-अलग हिस्सों से आए शिल्पकार, कलाकार, हथकरघा बुनकर और मूर्तिकार अपनी कला और उत्पादों को प्रदर्शित करेंगे.
नेपाल और भूटान जैसे देशों की विशेष वस्तुएं भी मेले में उपलब्ध होंगी. सैलानियों को हरियाणा सहित राजस्थान, गुजरात, तमिलनाडु, पंजाब, ओडिशा, मध्य प्रदेश और अन्य राज्यों के पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद चखने का भी मौका मिलेगा.
सुबह 10 से रात 7 बजे तक होगी एंट्री
मेले में एंट्री का समय सुबह 10:00 बजे से रात 7:00 बजे तक रहेगा. आम दिनों में टिकट की कीमत ₹120 होगी, जबकि वीकेंड पर यह ₹180 रहेगी. टिकट ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरह से खरीदी जा सकती है.
ऑनलाइन टिकट के लिए दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) की ‘सारथी’ ऐप का उपयोग किया जा सकता है. इसके अलावा, मेला एंट्री गेट पर बने काउंटर से भी ऑफलाइन टिकट खरीदी जा सकती है. वीकेंड पर छात्रों और वरिष्ठ नागरिकों को टिकट में 50% तक की छूट दी जाएगी. बता दें कि सूरजकुंड मेला भारत के सबसे बड़े हस्तशिल्प मेलों में से एक माना जाता है.
