नई दिल्ली | हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मुलाकात का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो में नरेंद्र मोदी और भुपेंद्र हुड्डा एक- दूसरे का हालचाल पूछ रहे हैं. हालांकि, सोशल मीडिया पर इस वीडियो को दिल्ली विधानसभा चुनाव में बीजेपी की जीत के बाद भाजपा दिल्ली कार्यालय का बताकर गलत तरीके से वायरल किया जा रहा है.
इस वीडियो के कैप्शन में लिखा गया है कि भुपेंद्र हुड्डा और दीपेंद्र हुड्डा दिल्ली विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की हार के बाद बीजेपी कार्यालय में भाजपा कार्यकर्ताओं और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को बधाई देने पहुंचे थे लेकिन यहां आपको बताते है कि इस वीडियो की असल सच्चाई क्या है.
मोदी और हुड्डा की मुलाकात
पीएम नरेन्द्र मोदी से हुड्डा पिता- पुत्र की मुलाकात के इस वीडियो में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सिक्योरिटी स्टाफ के साथ चलते दिखाई दे रहे हैं. वह साइड में खड़े लोगों का हाथ जोड़कर अभिवादन करते हुए आगे बढ़ रहें हैं. इस दौरान प्रधानमंत्री साइड में खड़े भुपेंद्र हुड्डा का दूर से ही हाल- चाल पूछते हुए कहते हैं कि चलें हुड्डा साहब? अरे वाह! कहां हो भाई आजकल? हुड्डा बोले- नमस्कार जी, ठीक हैं. पीएम ने कहा, ‘सब ठीक हैं न? मिलिए भाई आकर कभी भी.
प्रधानमंत्री अभिवादन करते हुए आगे बढ़ जाते हैं. आगे दीपेंद्र हुड्डा को देखकर पीएम मोदी फिर ठहर जाते हैं. दीपेंद्र को देखकर प्रधानमंत्री कहते हैं, ‘अरे, जूनियर हुड्डा यहां खड़े हैं. क्या हाल हैं भाई?’ इस पर दीपेंद्र हाथ जोड़कर प्रधानमंत्री मोदी को नमस्कार करते हैं. PM मोदी फिर कहते हैं, ‘कल तो काफी याद किया था आपको मैंने. इस पर दीपेंद्र कहते हैं, ‘हां जी सर किया तो था याद. मैं भी देख रहा था. इसके बाद प्रधानमंत्री आगे बढ़ जाते हैं.
कहां का है वीडियो?
5 फरवरी को दिल्ली में पंजाब बीजेपी के अध्यक्ष सुनील जाखड़ के पोते जय की शादी का रिसेप्शन कार्यक्रम रखा गया था. इसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत पार्टी के कई बड़े नेताओं ने शिरकत की थी. इस कार्यक्रम में भुपेंद्र हुड्डा और दीपेंद्र हुड्डा भी पहुंचे थे जहां दोनों की मुलाकात प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से हुई है और इसी मुलाकात का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
