चंडीगढ़ | हरियाणा में निकाय चुनावों को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो चुकी है, जहां विधानसभा चुनाव में अप्रत्याशित हार झेलने वाली कांग्रेस शहरी निकाय चुनावों में अच्छे प्रदर्शन का दम भर रही है. वहीं, दूसरी ओर सत्तासीन भारतीय जनता पार्टी (BJP) सभी शहरों में दमदार जीत का दावा कर रही है. खुद मुख्यमंत्री नायब सैनी चुनाव प्रचार के लिए मैदान में उतरे हुए हैं.
महिलाओं को मिलेंगे 2100 रूपए
हरियाणा में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने वाली BJP ने अपने चुनाव घोषणापत्र में लाडो लक्ष्मी योजना के तहत महिलाओं को 2100 रूपए प्रति महीना सहायता राशि देने का ऐलान किया था लेकिन अभी तक यह योजना धरातल पर लागू नहीं हुई है. वहीं, निकाय चुनाव प्रचार के दौरान इस योजना को लागू करने को लेकर सीएम नायब सैनी ने बड़ी अपडेट दी है.
चुनाव प्रचार के दौरान एक जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि हमने महिलाओं को 2100 रूपए प्रति महीना सहायता राशि देने का वादा किया था. निकाय चुनाव सम्पन्न होने के बाद बजट सत्र शुरू होने जा रहा है. इसको लेकर अधिकारियों ने पूरी प्लानिंग कर ली है. इसमें बजट का प्रावधान हो जाएगा, जिसके बाद पात्र महिलाओं को 2100 रूपए प्रति महीना मिलना शुरू हो जाएगा.
आगामी बजट के बाद बहनों को ₹2100 देने का काम हमारी सरकार करेगी! pic.twitter.com/vTj3M6HxOx
— Nayab Saini (@NayabSainiBJP) February 22, 2025
सीएम ने ऐलान करते हुए कहा कि 7 मार्च को होने वाले विधानसभा के बजट सत्र के बाद महिलाओं को हर महीने 2100 रुपए देने की शुरुआत हो जाएगी. इसके लिए बजट में प्रावधान रखा जाएगा. इसकी प्लानिंग पहले ही तैयार की जा चुकी है. कांग्रेसियों ने चुनाव आयोग को इसकी शिकायत कर दी, कि सीएम ने आचार संहिता का उल्लंघन कर दिया. मैंने कहा कि ये तो हमने पहले वादा किया था.
सभी वादें होंगे पूरे: CM
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने यह भी कहा कि ये कांग्रेस की सरकार नहीं हैं, जो झूठे वादे कर जनता को बरगलाने का काम करती है. ये प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में चलने वाली भारतीय जनता पार्टी की सरकार है, जो बोलती है उसे पूरा करती है और जो नहीं बोलते उसे भी पूरा करने का काम हमारी सरकार करती है.
उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान हमने अपने चुनावी घोषणा पत्र में जो वादे किए थे, उसे निश्चित तौर पर पूरा किया जाएगा. सरकार का बजट आने दीजिए. मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि महिलाओं को 2100 रूपए प्रति महीना सहायता राशि सहित तमाम अन्य वादों को पूरा किया जाएगा.
