सालासर बालाजी और खाटूश्याम के भक्तों के लिए आई बड़ी खुशखबरी, हरियाणा के इन जिलों से शुरू होगी हेलीकॉप्टर सेवा

चंड़ीगढ़ | हर साल लाखों श्रद्धालु सालासर बालाजी महाराज और राजस्थान के प्रसिद्ध खाटूश्याम मंदिर (Khatushyam Temple) में दर्शन के लिए जाते हैं, जिसके लिए वे बस, ट्रेन व अन्य यातायात के साधनों का सहारा लेते हैं, लेकिन कई बार उन्हें इस सफर के दौरान परेशानियों का सामना करना पड़ता है. ऐसे में इन भक्तों के लिए एक अच्छी खबर सामने आ रही है. अब जल्द ही हरियाणा सरकार द्वारा इन पावन धामों पर जाने के लिए हेलीकॉप्टर सेवा शुरू किए जाने की योजना पर काम किया जा रहा है.

helicopter 1

हिसार एयरपोर्ट का भी लिया जायजा

इस विषय में नागरिक उड्डयन विभाग के अधिकारियों को विस्तृत कार्य योजना बनाने के आदेश जारी किए जा चुके हैं. बुधवार को चंडीगढ़ में नागरिक उड्डयन मंत्री विपुल गोयल ने विभाग के अधिकारियों के साथ इस विषय में बैठक के दौरान चर्चा की. उन्होंने कहा कि सरकार नागरिक उड्डयन से संबंधित आधारभूत ढांचे को मजबूत करने की दिशा में काम कर रही है. इस दौरान उन्होंने हिसार के महाराजा अग्रसेन इंटरनेशनल एयरपोर्ट के संचालन के विषय में सभी जरूरी जानकारियां प्राप्त की.

उन्होंने अधिकारियों को केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय से लगातार संपर्क बनाए जाने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि जल्दी ही हिसार एयरपोर्ट को ऑपरेशनल कर दिया जाएगा. इसकी लाइसेंस मिलने की प्रक्रिया बाकी है, जिसके बाद लैंडिंग ट्रायल भी जल्द संपन्न करवा लिया जाएगा, ताकि जल्दी ही यहां से उड़ानें शुरू की जा सकें.

अधिकारियों को दिए निर्देश

उन्होंने अंबाला एयरपोर्ट और नारनौल के एयरो स्पोर्ट्स हब के बारे में भी अधिकारियों से चर्चा की. उन्होंने हिसार, गुरुग्राम और फरीदाबाद से हेलीकॉप्टर सेवा शुरू करने के विषय में अधिकारियों से अपडेट ली और उन्हें इससे जुड़ी सभी प्रक्रियाओं को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि राजस्थान सरकार से सीकर में स्थायी हेलीपैड बनाए जाने के बारे में बातचीत की जाएगी. इस दौरान विभाग के सलाहकार एवं विशेष सचिव नरहरि सिंह बांगड़ सहित कई अधिकारी मौजूद थे

Avatar of Nisha Tanwar
Nisha Tanwar
View all posts