हरियाणा में होली पर मेहरबान होंगे इंद्रदेव, बरसात की बनी संभावना; आज रात से बदलेगा मौसम

चंडीगढ़ | हरियाणा में मार्च महीने की शुरुआत से ही मौसम ने करवट लेनी शुरू कर दी है. इस महीने से लगातार राज्य के तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है. जहां पिछले महीने तक लोग धूप में बैठने के लिए तरस रहे थे, वहीं मार्च के महीने की शुरुआत से खुले में कुछ देर भी बैठना अब मुश्किल हो चुका है. लेकिन मौसम विभाग द्वारा अब प्रदेश में फिर से बरसात की संभावना जताई गई है, जिससे गर्मी से कुछ राहत जरूर मिलेगी.

Barish Weather Monsoon

होली के दिन हो सकती है बारिश

मौसम विभाग द्वारा होली के दिन बरसात का अलर्ट जारी किया गया है. आज सोमवार से ही मौसम में परिवर्तन देखने को मिल सकता है. हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन लाल खीचड़ ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश में दो पश्चिमी विक्षोभ का आंशिक प्रभाव देखने को मिलेगा, जिसके चलते 9 से 13 मार्च तक हवाओं के रुख में बदलाव दर्ज किया जाएगा.

इस दौरान ज्यादातर क्षेत्रों में आंशिक तौर पर बादलवाही छाई रहेगी. साथ ही, दिन के तापमान में हल्की गिरावट और रात के तापमान में हल्की बढ़ोतरी होने के आसार बने हुए हैं. 11 और 12 मार्च के दौरान मध्यम से तेज गति से हवाएं चलेंगी. 14 मार्च से एक पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार भी बने हुए हैं.

आज से बदलेगा मौसम

आईएमडी द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, पंजाब से एक सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ का असर सोमवार रात से दिखना शुरू हो जाएगा, जिस कारण सोमवार और मंगलवार को आंशिक रूप से बादलवाही छाई रहेगी और तेज हवाएं चलेंगी. उसके बाद बुधवार से शनिवार तक गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बरसात होने के आसार बने हुए हैं. हालांकि इससे दिन के तापमान में ज्यादा बदलाव देखने को नहीं मिलेगा.

मौसम विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, रविवार को प्रदेश का सबसे अधिक तापमान महेंद्रगढ़ में 32.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं, पानीपत में सबसे कम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.

Avatar of Nisha Tanwar
Nisha Tanwar
View all posts